बनगांव की होली की चर्चा देश भर में होती है।
- फोटो : अमर उजाला
सीएम नीतीश कुमार ने क्या कहा?
भाजपा, राजद, कांग्रेस और अन्य दलों के नेताओं ने भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ होली का जश्न मनाया और एक दूसरे को रंग लगाकर भाईचारे का संदेश दिया। होली के अवसर पर सीएम नीतीश कुमार ने बिहार वासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि होली सामाजिक समरसता का प्रतीक है। होली का यह पवित्र त्योहार राज्यवासियों के जीवन में खुशियों के नए रंग लेकर आए। यह पवित्र त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का भी प्रतीक है। होली का त्योहार प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव के साथ मनाएं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने क्या कहा?
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सभी देशवासियों को रंगों के पावन पर्व होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। रंगों का यह पर्व प्रेम, भाईचारे एवं आपसी सद्भाव का प्रतीक है। यह हम सभी को जीवन में खुशियों, सकारात्मकता एवं एकता के रंग भरने की प्रेरणा देता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि यह पावन पर्व समस्त देशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि एवं सौभाग्य लेकर आए।
राजद सुप्रीमो ने क्या कहा?
राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा कि आप सबों को होली की मुबारकबाद। होली के पावन अवसर पर पावन रंगों में रंगे अपने जीवन के अनुभव और सेवा का संकल्प आपके चरणों में अर्पित करता हूं। संघर्ष की धूप में तपकर जो कुछ भी मैंने सीखा, वह यह है की इंसान का सबसे सच्चा रंग उसका मानवता के प्रति समर्पण होता है। आइए, इस होली हम समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का वचन दोहराए। रिश्तों, नातों, भाईचारे और भविष्य के उज्ज्वल सपनों और मानवता की भलाई वाले रंग अपनाएं तथा एक दूसरे पर बस यही एक रंग चढ़ाएँ। मेरी कामना है कि आपके घर में खुशियों का रंग बरसे, समाज में सेवा, सद्भाव और सुख का रंग कभी फीका न पड़े।
डीजे और फूहड़ गीतों पर पूरी तरह रोक
इस बार डीजे और फूहड़ गीतों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से पहले ही दिशा निर्देश जारी कर दी गई है। डीजीपी विनय कुमार ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी हाल में डीजे नहीं बजाएं। फूहड़ गाना बजाने पर भी रोक लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि हुड़दंग करने और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पटना, मगध, तिरहुत, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर समेत सभी प्रमंडलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त संख्या में पुलिसबलों की तैनाती की गई है। जिला पुलिस बल के अलावा मुख्यालय से अतिरिक्त बल भी तैनात किए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी साइबर पुलिस की टीम निगरानी रख रही है।
कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने गांधी मैदान में लोगों के साथ खेली होली।
- फोटो : अमर उजाला
मंत्री रामकृपाल यादव ने खेली अनोखे अंदाज में होली
होली के रंग में सराबोर राजधानी का ऐतिहासिक गांधी मैदान मंगलवार को उत्सव स्थल में तब्दील नजर आया। कृषि मंत्री रामकृपाल यादव लोगों के संग जमकर होली खेलते दिखे। माहौल ऐसा कि हर ओर गुलाल उड़ता रहा और होली के गीत पर मंत्री भी थिरकते दिखे।रामकृपाल यादव कभी ढोल थाम लेते, तो कभी रंगों से सराबोर होकर मंच के सामने थिरकने लगते। कार्यकर्ता भी जोश में नजर आए। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नेताओं और समर्थकों ने एक-दूसरे को रंग लगाया और गले मिलकर बधाई दी। मंत्री रामकृपाल यादव ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने का अपील की।