सार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के मिलर हाई स्कूल परिसर स्थित ऐतिहासिक पानी टंकी के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और कैफेटेरिया निर्माण का शिलान्यास किया। परियोजना के तहत मूल स्वरूप संरक्षित रखते हुए पाथ-वे, लैंडस्केपिंग और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी।
कार्यक्रम में मौजूद सीएम सम्राट चौधरी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना के मिलर हाई स्कूल परिसर स्थित ऐतिहासिक पानी टंकी के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं कैफेटेरिया निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह पहल राजधानी पटना की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, शहरी सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
परियोजना के तहत ऐतिहासिक पानी टंकी के मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए उसका जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण किया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ-साथ परिसर को अधिक आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाना है।
परियोजना के अंतर्गत पानी टंकी के चारों ओर गोलाकार पाथ-वे का निर्माण, लैंडस्केपिंग और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त, पर्यटकों एवं अन्य आगंतुकों की सुविधा के लिए परिसर में एक आधुनिक कैफेटेरिया भवन का निर्माण भी किया जाएगा। नगर विकास एवं आवास विभाग तथा पटना नगर निगम के अंतर्गत क्रियान्वित होने वाली यह परियोजना ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और राजधानी की सुंदरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पढ़ें: राजद, भाजपा, जन सुराज और निर्दलीय एक-एक सीट जीते; कोसी में एनके यादव ने लगाई हैट्रिक
पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को पानी टंकी के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि न्यूनतम हस्तक्षेप और मूल स्थापत्य स्वरूप के अधिकतम संरक्षण के सिद्धांत के अनुरूप पारंपरिक, टिकाऊ एवं संरचना के अनुकूल सामग्रियों से जीर्णोद्धार कार्य किया जाएगा। इस दौरान जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य से संबंधित वीडियो फिल्म भी प्रस्तुत की गई।
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक पानी टंकी परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरी आधारभूत संरचना के विकास, ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मिलर हाई स्कूल परिसर स्थित ऐतिहासिक पानी टंकी के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की यह पहल इसी संकल्प को आगे बढ़ाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण करते हुए मिलर हाई स्कूल परिसर को एक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक विरासत स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक रत्नेश कुमार, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी चन्द्रवंशी, अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।