नगर निगम सासाराम क्षेत्र के दलेलगंज मोहल्ले में रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना दरिगांव थाना क्षेत्र के दलेलगंज स्थित बर्फ फैक्ट्री के समीप की है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, दलेलगंज निवासी रवि पटवा का अपने छोटे भाई रोहित पटवा के साथ पिछले कई दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार सुबह किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान रवि पटवा ने रोहित पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। वहीं, परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पढे़ं: तेजस्वी का मोदी सरकार हमला, कहा- भाजपा में रहते तो हरिश्चंद्र होते; MLC चुनाव को लेकर क्या दावा किया?
आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
घटना की सूचना मिलते ही दरिगांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि पटवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। घटना के बाद घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया।
सदर डीएसपी वन विप्लव कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि दलेलगंज मोहल्ले में रवि पटवा ने मामूली विवाद में अपने छोटे भाई रोहित पटवा की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।