नशे में पति ने अपनी पत्नी को मारी गोली
- फोटो : अमर उजाला
भोजपुर जिले से घरेलू हिंसा की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत पति ने अपनी ही पत्नी को गोली मार दी। इस घटना में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जिसे आनन-फानन में आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, घायल महिला धनगाई थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी लवली कुमारी है, जो आकाश कुमार की पत्नी है। परिजनों के अनुसार लवली कुमारी घर में घरेलू काम निपटा रही थी, तभी शराब के नशे में उसका पति आकाश कुमार घर पहुंचा और किसी विवाद के दौरान उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर गिर गई।
पढ़ें- Bihar News: महिला दारोगा के लव ट्रायंगल में उलझी गुमशुदा शिक्षक की गुत्थी, CBI की कार्रवाई से खुले ऐसे राज
घटना के बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज कर रहे सर्जन डॉ. विकास सिंह ने बताया कि महिला को एक गोली लगी थी, जिसे सफलतापूर्वक निकाल दिया गया है। फिलहाल महिला की स्थिति स्थिर है, लेकिन उसे डॉक्टरों की निगरानी में ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि महिला को ब्लड की आवश्यकता थी, जिसका इंतजाम किया जा रहा है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।