रोहतास जिले में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित भागवत कथा के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के सात दिन बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। यह घटना इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव की बताई जा रही है।
धार्मिक आयोजन स्थल बना रणक्षेत्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 मार्च को नारायणपुर गांव स्थित हनुमान मंदिर परिसर में भैसहां पंचायत के उपमुखिया लोकनाथ यादव के नेतृत्व में भागवत कथा का आयोजन किया गया था। कथा समाप्ति के बाद आरती के दौरान पूजा करने को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। इस हिंसक झड़प में दिव्यांग उपमुखिया समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पढ़ें: घर के पास घात लगाकर बैठे बदमाशों ने कर दी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, दिनदहाड़े बरसाईं गोलियां
वीडियो वायरल, हथियार लहराते दिखे लोग
घटना से जुड़े कई वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में लोग खुलेआम मारपीट करते और हथियार लहराते दिखाई दे रहे हैं। मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।