Bihar : ग्राहक के मोबाइल पर एक मैसेज आया। फिर दूसरा मैसेज आया फीडबैक देने का। ग्राहक ने ख़ुशी में तुरंत फीडबैक भी दे दिया। ख़ुशी थी कि जंग जीत गए यानी अब दिल को सुकून मिल गया कि अब गैस मेरे घर पर आ रहा है, लेकिन यह क्या? यह तो खेल हो गया।
पटना में घरेलू रसोई गैस की किल्लत से आम आदमी परेशान है। हालांकि एजेंसी का कहना है कि सर्वर ख़राब है, इस वजह से ग्राहक ऑनलाइन नंबर नहीं लगा पा रहे हैं। लेकिन 'अमर उजाला' को आज एजेंसी के पास एक झोल नजर आया। पड़ताल की तो मामला खुल गया। यह मामला आपूर्ति की कमी से ज्यादा कुप्रबंधन और कालाबाजारी की ओर इशारा कर रही थी।
इस संबंध में ग्राहक का कहना है कि मैंने ऑनलाइन बुकिंग किया। ओटीपी भी आया। लेकिन साथ ही एक मैसेज भी आया कि आपका गैस आपके घर तक पहुंच गया। अब आप फीडबैक भी दे दीजिए। ग्राहक ने ख़ुशी से अभिभूत होकर बिना देर किए फीडबैक भी दे दिया और फिर उस पल का बेसब्री से इंतज़ार करने लगे, जिस पल में उनके घर गैस सिलिंडर आने वाला था। दो दिनों तक इंतजार किया, लेकिन वेंडर नहीं आया। इस बीच ग्राहक ने अपने वेंडर को एक दो नहीं बल्कि कई बार कॉल किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। तब इस बात को समझने के लिए ग्राहक गैस एजेंसी पहुँच गए।
ग्राहक जब गैस एजेंसी पहुंचे तो उनको पता चला कि उन्हें गैस मिल चुका है। फिर 'अमर उजाला' ने इसकी जांच पड़ताल करनी शुरू कर दी। गैस एजेंसी से इस संबंध में पूछताछ की तो एजेंसी को लगा कि एजेंसी और वेंडर की कहानी अब मीडिया में आ जाएगी तो फिर बहुत बदनामी होगी। लिहाजा एजेंसी कर्मी ने शुक्रवार को ग्राहक को आने के लिए कहा और साथ ही यह आश्वासन भी दिया कि कल ट्रक आएगा तो आपको गैस मिल जाएगा।
पटना पुलिस कर रही कार्रवाई
अब इस मामले पर पटना पुलिस का भी बयान सामने आया है। पटना पुलिस का कहना है कि एलपीजी गैस के ब्लैकमार्केटिंग एवं अन्य अवैध कार्यों में लिप्त लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान आज कुल 4 प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें पटना सदर अनुमंडल में 2 प्राथमिकी तथा दानापुर अनुमंडल में 2 प्राथमिकी दर्ज की गई है। ये सभी प्राथमिकी एलपीजी घरेलू गैस के अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध दर्ज की गई है।