पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के दौरान फॉर्म-16 के बंडल लेकर कर्मचारी के पहुंचने पर जन सुराज समर्थकों ने विरोध किया। प्रत्याशी दिव्या ज्योति ने चुनाव आयोग से शिकायत की बात कही। प्रशासन ने आरोपों को गलत बताते हुए कागजात कार्यालय के बताए।
पटना के बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल में बने मतगणना केंद्र पर मंगलवार को फॉर्म-16 को लेकर जमकर हंगामा हुआ। जन सुराज के समर्थकों ने एक सरकारी कर्मचारी के फाइलों के बंडल लेकर मतगणना केंद्र में प्रवेश करने पर विरोध जताया। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज की प्रत्याशी दिव्या ज्योति ने आरोप लगाया कि कर्मचारी के पास बड़ी संख्या में फॉर्म-16 थे, जिन्हें मतगणना के दौरान अंदर ले जाने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत करने की बात कही।
दिव्या ज्योति के अनुसार, आयुक्त कार्यालय में कार्यरत राजकुमार नाम के कर्मचारी कई बंडल फाइलें लेकर मतगणना केंद्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। जन सुराज के समर्थकों और अन्य लोगों ने इसका विरोध करते हुए सवाल उठाया कि मतगणना के दौरान ये दस्तावेज अंदर क्यों ले जाए जा रहे हैं। प्रत्याशी का दावा है कि विरोध के बाद बंडलों को खुलवाया गया, जिनमें बड़ी संख्या में फॉर्म-16 मिले।
'मतगणना के बाद दिया जाता है फॉर्म-16'
उन्होंने कहा कि जन सुराज के समर्थकों ने कर्मचारी को गेट पर रोक दिया। दिव्या ज्योति का दावा है कि यदि समर्थक विरोध नहीं करते तो कर्मचारी दस्तावेज लेकर अंदर प्रवेश कर जाते। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके एजेंटों को पहचान पत्र की जांच के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है, जबकि कपड़े में बंधे कई बड़े बंडल अंदर ले जाने की कोशिश की जा रही थी।
पढ़ें: विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतगणना जारी; पटना में हंगामा, 'वोट चोरी' के नारे लगे
दिव्या ज्योति ने कहा कि इस मामले में चुनाव आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने दस्तावेजों को अंदर ले जाने की मंशा पर संदेह जताते हुए कहा कि पूरी घटना कैमरे में दर्ज हुई है। हालांकि, दस्तावेजों को अंदर ले जाने के पीछे क्या वजह थी, इस बारे में चुनाव आयोग या संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आना बाकी है।
मतगणना कक्ष में जगह कम होने का भी आरोप
दिव्या ज्योति ने कहा कि मतगणना लंबी चल सकती है। ऐसे में एजेंटों के लिए पर्याप्त जगह होनी चाहिए, ताकि वे पूरी प्रक्रिया पर नजर रख सकें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतगणना कक्ष में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। उनके मुताबिक, वहां सरकारी व्यवस्था के तहत वीडियोग्राफी की जा रही है, इसलिए पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी की व्यवस्था जरूरी है।
सीसीटीवी लगाने की मांग, प्रशासन पर भी सवाल
दिव्या ज्योति ने दावा किया कि उन्होंने प्रशासन से मतगणना कक्ष में सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की थी, लेकिन उन्हें बताया गया कि इसकी जरूरत नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि जब विधानसभा चुनावों के मतगणना कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते हैं तो पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतगणना कक्ष में ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं है।
उन्होंने कहा कि मतगणना की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और प्रत्याशियों के एजेंटों को हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए पर्याप्त सुविधाएं मिलनी चाहिए। दिव्या ज्योति ने कहा कि इन परिस्थितियों में सवाल उठाना उनका अधिकार है।
वहीं, प्रशासन का कहना है कि जन सुराज के समर्थकों के आरोप गलत हैं। प्रशासन के अनुसार, कुछ कागजात कार्यालय में छूट गए थे, जिन्हें लेकर कर्मचारी अंदर आ रहे थे। इसी बात को लेकर हंगामा किया गया।