फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोक आस्था का महापर्व: बिहार में छठ पूजा की शुरुआत कब होगी? चारों दिन कौन-कौन से हैं? समझ लें

Thu, 12 Nov 2026 02:00 PM IST
Kumar Jitendra Jyoti न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

Chhath Puja: बिहार में छठ पूजा 2026 की शुरुआत कब होगी और चारों दिन कौन-कौन से हैं? छठ पूजा क्यों मनाया जाता है? छठ पूजा पर छुट्टी है या नहीं? ऐसे सवालों का जवाब एक जगह यहां पढ़ें।
विज्ञापन
छठ पूजा के बारे में सारे सवालों का जवाब जानें। - फोटो : amar ujala digital
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमावस्या की रात 08 नवंबर को थी, इसलिए उस रात दीपावली हो गई। कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया का सूर्याेदय 11 नवंबर को हुआ, इसलिए चित्रगुप्त पूजा, गोधन पूजा जैसे त्योहार बुधवार को हुए। छठ सूर्य की उपासना का महापर्व है, इसलिए यह सूर्योदय के हिसाब से ही चलेगा। यही कारण है कि 15-16 तारीख को शाम और सुबह के अर्घ्य होंगे। यानी, 15 तारीख की शाम में षष्ठी है, इसलिए इसी दिन शाम का अर्घ्य होना है। इस हिसाब से ही 13 नवंबर को नहाय खाय से लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो रही है। उसके अगले दिन, 14 नवंबर को खरना होगा। फिर 15 को शाम और 16 को सुबह का अर्घ्य दिया जाएगा। 
विज्ञापन


छठ पर छठी मइया और सूर्य की आराधना का मतलब समझना जरूरी

प्रकृति-प्रदत्त चीजों से जीवनदायी सूर्य की उपासना होती है। सूर्य प्रकृति का ऊर्जा स्रोत हैं और छठी मइया प्रकृति का छठा अंश हैं। यानी, परंपराओं से अलग भी सोचें तो यह प्रकृति से आशीर्वाद और ऊर्जा पाने की विनती करते हुए मनाया जाने वाला सबसे प्रसिद्ध पर्व है। छठ में खरना पर छठी मइया की पूजा होती है, जो संतान-सुख और समृद्धि देती हैं। छठ की शुरुआत बिहार से होती है। बिहारियों की पहचान छठ से है। देश या विदेश में जहां भी छठ होता है, उसे बिहार का मानकर ही बाकी लोग भी करते हैं या करने वाले बढ़ रहे हैं। इसलिए, बिहार में छठ से जुड़ी आस्था को समझना चाहिए।

नहाय खाय से शुरुआत, सात्विकता का सर्वाधिक महत्व
छठ को लोक आस्था का पर्व कहा जाता है, क्योंकि इससे ज्यादा आस्था के साथ कोई पर्व नहीं मनाया जाता है। इसे बिहार में 'पवनी' भी कहते हैं। मतलब, पर्व। सिर्फ इसी को पवनी कहा जाता है। इसकी शुरुआत नहाय खाय से होती है। नहाय-खाय का अर्थ है कि इस समय से हर कोई सात्विक हो जाएगा। जब तक छठ में सुबह वाला अर्घ्य न दे दिया जाए, यह सात्विकता भंग नहीं होनी चाहिए।

विज्ञापन


13 नवंबर को नहाय खाय में क्या करें, क्या नहीं
आपके घर छठ होता है तो आपको बताने की जरूरत नहीं है कि नहाय खाय में क्या करें और क्या नहीं। जिनके घर नहीं होता है, उन्हें यह जरूर जानना चाहिए कि सूर्योपासना और प्रकृति के छठे अंश छठी मइया की आराधना का यह महापर्व सात्विकता पर आधारित है। इसलिए, छठ आपके घर हो या न हो- कोशिश करें कि 13 नवंबर को सुबह नहाकर ही कुछ खायें। बेहतर होगा कि नहाय खाय में बनने वाला कद्दू-दाल और अरवा चावल खायें। किसी चीज में लहसुन-प्याज नहीं होता है, फिर भी स्वादिष्ट होता है। धनिया की चटनी भी बना सकते हैं। नहाने के बाद इसे बनाकर खाने से सात्विकता का बोध होने लगेगा। यही छठ की महत्ता है। जिनके घर छठ होता है, कुछ लोग कद्दू-भात बनाने में लगते हैं और बाकी छठ की पूजन सामग्री के लिए बेसिक इंतजाम में लगते हैं। जैसे गेहूं और चावल धोकर सुखाना और फिर उसे पीसना या पिसाना। छठ पर नहाय खाय के दिन का यही दो मुख्य काम है। लोग गेहूं-चावल सुखाकर-पिसाकर ही खाना खाते हैं।

खरना में होती है छठी मइया की अर्चना, भावना समझें
लोक आस्था के महापर्व का दूसरा दिन इस बार 14 नवंबर को होगा। खरना में छठी मइया की पूजा होती है। छठी मइया व्रती की मनौती (विनतीपूर्वक मांग) को पूरा करने वाली प्रकृति का षष्ठ अंश हैं। संतान, खासकर पुत्र या पुत्री विशेष के लिए व्रती छठ में लोग मनौती रखते हैं। किसी के घर में संतान नहीं हो रहा हो तो छठ रखकर मांगता है तो कोई संतान होने से खुश होकर, कोई संतान की प्रगति तो कोई अपने परिवार या अपनी कुछ विशेष मांग के लिए छठी मइया से आग्रह करते हुए या उसके पूरा होने पर छठ करता है। कहीं हर एक संतान तो कहीं हरेक पुत्र पर छठ के लिए एक सूप बढ़ जाता है।

खरना के दिन क्या होता है और क्या सावधानी है जरूरी
खरना के दिन सुबह से छठ व्रती उपवास में होते हैं और शाम में छठी मइया की पूजा के बाद एक बार वहीं का प्रसाद खाना होता है। दिनभर व्रती और उपवास में रहे लोग अगले दोनों दिनों के लिए प्रसाद तैयार करते हैं और साथ ही खरना पूजा के लिए बनने वाला पारंपरिक भोजन प्रसाद भी तैयार करते हैं। कहीं पूड़ी-खीर तो कहीं रोटी-खीर चढ़ता है। साथ में केला। खरना पूजा के बाद से 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाता है। खरना पूजा का समय शाम में होता है और पूजा करते समय किसी तरह की आवास से विघ्न होने पर व्रती का भोजन छूट सकता है, इसलिए शाम में तेज आवाज से बचना चाहिए।

शाम वाले अर्घ्य के दिनभर होती रहती है तैयारी
कई घरों में लोग शाम वाले अर्घ्य के दिन प्रसाद बनाते हैं। इसके लिए उपवास में रहना पड़ता है, इसलिए बहुत सारे घरों में खरना के दिन भी प्रसाद तैयार होता है। जिसके घर, जैसी परंपरा है- उस तरह से लोग प्रसाद तैयार करते हैं। शाम वाला अर्घ्य, यानी षष्ठी तिथि का अर्घ्य, अस्ताचलगामी सूर्योपासना का दिन 15 नवंबर है। इस दिन घाटों को अंतिम रूप दिया जाता है। जो लोग नदी में घाट पर जाते हैं, वह वहां की तैयारी देखते हैं। जो घर में करते हैं, वह अपने घाट की तैयारी में लगे रहते हैं। छठ के लिए जितने सूप में प्रसाद तैयार किया जाना है, वह व्रती सजाकर डाला में बांधने के लिए रखते हैं।

डाले को नए कपड़े या पूजा में इस्तेमाल होने वाले साफ कपड़े (धोती या चादर) से बांधकर घाट तक सिर पर ले जाने की परंपरा है। यह भी पुण्य का कार्य कहलाता है, इसलिए कई बार आईएएस-आईपीएस और चर्चित चेहरों को भी डाला सिर पर लिए देखा जाता है। सूर्यास्त से करीब आधे घंटे पहले पानी में खड़े होकर सूर्य भगवान की आराधना की जाती है। फिर सूर्यास्त होने से ठीक पहले अर्घ्य दिया जाता है। सूप के सामने अर्घ्य दिया जाता है, लेकिन सूर्य की ओर श्रद्धा से झुककर जल गिराना होता है। चाहें तो इस समय सूर्य मंत्र भी पढ़ सकते हैं।
विज्ञापन

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें