बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर नहर से एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे छतौना-धनसोई मार्ग पर गोसैसी डिहरा गांव के पास खेत की ओर गए ग्रामीणों ने नहर में एक युवती का शव तैरता देखा। शव दिखाई देने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तुरंत धनसोई थाना पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें-
Bihar: पहले बच्चे के जन्म का था इंतजार, पति ने गर्भवती पत्नी की ले ली जान; हत्या के बाद किसे लगाया फोन?
गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला गया शव
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया।
22 वर्ष के आसपास बताई जा रही उम्र
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 22 वर्ष है। उसने लोअर और टी-शर्ट पहन रखी थी। शव पर बाहर से किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं।
कमर में रस्सी मिलने से बढ़ी हत्या की आशंका
ग्रामीणों का दावा है कि युवती की कमर में रस्सी बंधी हुई थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को किसी भारी वस्तु के साथ नहर में फेंका गया होगा। लोगों के अनुसार शव एक से दो दिन पुराना लग रहा था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पहली नजर में मामला डूबने का लग रहा है, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
शिनाख्त के प्रयास जारी
पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के सभी थानों में युवती की तस्वीर भेजी है। साथ ही आसपास के गांवों में पूछताछ कर परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कमर में रस्सी बंधी होने की बात सामने आने के बाद हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने इलाके में असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखनी शुरू कर दी है।