स्कूल में अपने शिक्षकों के बीच टॉपर शाकिब शाह
- फोटो : अमर उजाला
बक्सर जिले के कोरासराय गांव के होनहार छात्र शाकिब शाह ने बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में द्वितीय स्थान प्राप्त कर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव और विद्यालय में जश्न का माहौल है। ग्रामीण परिवेश में रहकर कड़ी मेहनत करने वाले शाकिब की यह सफलता उन छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar Board:इंटर स्टेट टॉपर प्रिया जायसवाल छोटे से स्कूल की छात्रा हैं; जानें, कैसे हासिल किया अव्वल स्थान
शिक्षक पिता और गृहिणी मां के बेटे ने रचा इतिहास
शाकिब शाह के पिता प्राथमिक विद्यालय बसगितिया में 2003 से नियोजित शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। जबकि उनकी मां नूरी बानो एक गृहिणी हैं। शिक्षा के प्रति समर्पित इस परिवार में शुरू से ही पढ़ाई-लिखाई का माहौल रहा है। उनके चाचा कई बार बीपीएससी परीक्षा पास कर चुके हैं, हालांकि किन्हीं कारणों से उन्हें योगदान का अवसर नहीं मिला। शाकिब का छोटा भाई ग्यारहवीं कक्षा में पढ़ रहा है, जबकि उनकी बहन दसवीं की परीक्षा दे चुकी हैं।
मेहनत और माता-पिता के आशीर्वाद से मिली सफलता
अपनी सफलता के बारे में बात करते हुए शाकिब कहते हैं कि मुझे यह सफलता माता-पिता, शिक्षकों और अपनी सेल्फ स्टडी के दम पर मिली है। मैंने पढ़ाई के लिए नियमित रूप से समय निर्धारित किया था और पूरी लगन के साथ पढ़ाई की। अगर आप खुद पर भरोसा रखें और मेहनत करें, तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं होता।
यह भी पढ़ें- Bihar Board 12th result:मधुबनी की बेटी सृष्टि कुमारी बनीं बिहार टॉपर, कॉमर्स में पाया तीसरा स्थान
बीपीएससी पास कर प्रशासनिक सेवा में जाने का है लक्ष्य
बिहार के सेकंड टॉपर शाकिब शाह ने आगे की योजना के बारे में बताया कि वे बीपीएससी (BPSC) क्वालिफाई करना चाहते हैं और प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज की सेवा करना उनका सपना है। उन्होंने कहा कि मैं प्रशासनिक अधिकारी बनकर अपने जिले और राज्य के विकास में योगदान देना चाहता हूं।