रोहतास जिले के संझौली थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव निजी तालाब से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान संझौली निवासी मोतीलाल सिंह के पुत्र अजय सिंह के रूप में हुई है। उनका शव संझौली वार्ड नंबर 9 में मुसहर टोली के समीप स्थित एक निजी तालाब से मिला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मौत को लेकर इलाके में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
सोमवार की रात नौ बजे घर से निकले थे अजय सिंह
बताया जाता है कि अजय सिंह सोमवार की रात घर पर खाना खाने के बाद करीब नौ बजे बाहर निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिजनों ने संझौली थाने को भी इसकी सूचना दी। परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे रहे।
पढ़ें: राजद, भाजपा, जन सुराज और निर्दलीय एक-एक सीट जीते; कोसी में एनके यादव ने लगाई हैट्रिक
बुधवार की सुबह तालाब से मिला शव
बुधवार की सुबह संझौली वार्ड नंबर 9 स्थित एक निजी तालाब से अजय सिंह का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल के आसपास स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। परिजनों ने भी किसी अनहोनी की आशंका जताई है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर संझौली थाना अध्यक्ष पूनम कुमारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, अजय सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।