भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन
- फोटो : ANI
मां ने खुद चुनाव में उतरने की जगह दी कमान, पत्नी बैंककर्मी से अब बिजनेसवूमन
2005 में पटना पश्चिम सीट से विधायक रहे 55 साल के नवीन सिन्हा का निधन दिल्ली में हो गया था। उस वक्त नितिन महज 26 साल के थे। भाजपा ने नितिन नवीन को अपने पिता की विरासत संभालेंगे के लिए कहा। लेकिन, शुरू में नितिन नहीं मानें। उनकी मां मीरा सिन्हा ने उन्हें समझाया तो वह मान गए। नितिन चुनावी मैदान में पटना पश्चिम उतरे। उपचुनाव में वह पहली बार जीते। इसके बाद से जो जीत का सिलसिला शुरू हुआ, वह जारी है। नितिन नवीन की मीरा सिन्हा ने उनकी शादी दीपमाला श्रीवास्तव से करवाई। दीपमाला बैंक अधिकारी थीं। अब वह नौकरी छोड़ अपना स्टार्टअप नविरा इंटरप्राइजेज को आगे बढ़ाने की कोशिश में जुटी हैं। नविरा इनकी बेटी का नाम है। नवीन-नितिन के बाद अगली पीढ़ी में एक लड़का है- नैतिक। इसके बाद हैं नित्या नविरा। यही छोटा-सा परिवार है नितिन का अब।
नाम नितिन नवीन, लेकिन अंग्रेजी में Nitin Nabin क्यों चलता है?
चुनाव आयोग के शपथ पत्र में भी वह अपना नाम हिंदी में नितिन नवीन लिखते हैं। हस्ताक्षर में भी स्पष्ट तौर पर हिंदी का ही नाम नितिन नवीन दिखता है। अंग्रेजी में हर जगह Nitin Nabin लिखा गया है। हर सोशल मीडिया खाते से लेकर ईमेल आईडी तक में यही लिखा है। इसलिए, अंग्रेजी में नितिन नबीन और हिंदी में वह नितिन नवीन हैं। पिता के नाम के हिसाब से उन्हें नितिन नवीन ही कहा जाता है। उनके पिता को देसज में लोग नबीन बाबू कहते थे, इसलिए नितिन को भी कई लोग नितिन नबीन कह देते हैं, हालांकि उनका नाम नितिन नवीन ही प्रचलित है।
मंगलवार को भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा
भाजपा के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी के लक्ष्मण की ओर से घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन सोमवार को दाखिल जाना था। शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच नामांकन पत्रों की जांच हुई। नामांकन वापस भी 6 बजे तक ही लिया जाना था। इस प्रक्रिया का समय पूरा हो गया। नामांकन सिर्फ नितिन नवीन का हुआ। अब मंगलवार को नए पार्टी अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए पार्टी लक्ष्मण ने कहा था कि जरूरत पड़ने पर 20 जनवरी को मतदान होगा, लेकिन अब इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी और मंगलवार को भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।