पटना समेत बिहार के कई जिलों में लगातार बारिश होने के कारण कई जगह जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों का हाल बेहाल हो गया है। इसी बीच सोशल मीडिया एक वीडियो खूब शेयर हो रहा है। यह वीडियो बिहार विधानसभा के नए भवन का है। यहां छत से पानी गिरते हुए साफ तौर पर दिख रहा है। पानी का फ्लो भी काफी तेज है। कुर्सियों पर पानी गिरने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोगों का कहना है कि अभी कुछ माह पहले ही इस भवन का शुभारंभ हुआ था। कुछ ही दिन की बारिश ने इसकी पोल खोल दी।
कई जगह जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई
वहीं पटना में सोमवार को पूरे दिन और रात में हुई बारिश के कारण कई स्कूल बंद नहीं होने के कारण बच्चों को स्कूल जाने में काफी परेशानी हुई। कुर्जी, बेली रोड, बोरिंग रोड, गोला रोड में कुछ देर तक जाम का सामना लोगों को करना पड़ा। हथुआ मार्केट, खेतान मार्केट, राजेंद्र नगर, कंकड़बाग, गर्दनीबाग, न्यू मार्केट, राजेंद्र नगर, कंकड़बाग के कुछ इलाके, पाटलिपुत्र कॉलोनी, एजी कॉलोनी, राजीव नगर, नेपाली नगर, कृषि नगर, गोला रोड, बीबीगंज रोड, जजेज कॉलोनी, चित्रकूट नगर, पंचशील नगर, सुल्तानपुर में कई जगह जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई।
बख्तियारपुर-मोकामा हाईवे का साइड स्लोप धंसा, डबल डेकर पुल की सड़क पर भी दिखे गड्ढे; बारिश ने खोली पोल
खतरे के लाल निशान से ऊपर बह रही गंगा
इधर, बारिश के कारण नदिया में उफान है। इसके कारण पटना में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पटना के मनेर, दानापुर, दीघा फतुहा, बख्तियारपुर, मोकामा सहित कई जगहों पर सड़क के डूबने के कारण दियारा व निचले इलाकों का आना जाना बन्द व शहरी क्षेत्र से संपर्क टूट चुका है। मनेर स्थित गंगा और सोन नदी के जलस्तर में उफान होने के कारण मनेर के निचले इलाके में बाढ़ का पानी घुस गया है। इसके अलावा बक्सर, भोजपुर में भी गंगा नदी खतरे के लाल निशान से ऊपर बह रही है।
बिहार में 10 अगस्त तक बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज भी पूरे बिहार में बारिश के आसार जताए हैं। गोपालगंज, किशनगंज, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में बारिश का ऑरेज अलर्ट जारी किया गया है। जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर, समस्तीपुर, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, कटिहार समेत 20 जिलों में बारिश और वज्रपात यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम ने 10 अगस्त तक पूरे बिहार में बारिश के आसार जताए हैं। पिछले 24 घंटे में पूर्णिया, दरभंगा, सीतामढ़ी, शिवहर, पश्चिम और पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, वैशाली पटना समेत कई जिलों में आठ सेमी से ऊपर बारिश हुई।