आज से 20 दिसंबर तक इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
17 दिसंबर को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण समेत कुछ जिलों में घना कुहासा छाए रहने के आसार भी हैं। वहीं 18 से 20 दिसंबर तक पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर और बक्सर में घना कुहासा छाया रहेगा। इन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
जानिए मौसम पूर्वानुमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 7 दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। 17 दिसंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों के एक-दो स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 18 से 19 दिसंबर 2025 के दौरान पश्चिमी और उत्तर मध्य भागों के जिलों में भी सुबह के समय घने कोहरे छाए रहने के आसार हैं। इसके अलावा अगले तीन दिनों तक राज्य के शेष जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा रहने के आसार हैं। अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी।
भागलपुर में सबसे ज्यादा ठंड पड़ी
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहा। इस अवधि में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस फॉरबिसगंज (अररिया) में 16 दिसंबर 2025 को दर्ज किया गया, जबकि राज्य का अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस से 28.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं देखा गया। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस सबौर (भागलपुर) में 17 दिसंबर 2025 को दर्ज किया गया तथा राज्य का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस से 15.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। न्यूनतम तापमान में भी राज्य के कई हिस्सों में कोई खास बदलाव नहीं दर्ज किया गया। इस दौरान गया और वाल्मीकिनगर में न्यूनतम दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई, जबकि पूरे राज्य में वर्षा नहीं हुई।
गोपालगंंज में पछुआ हवा ने बढ़ाई कनकनी
गोपालगंज जिले में पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ने से कनकनी और ठंड ने आम जनजीवन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को जिले का तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे पूरा इलाका शीतलहर की चपेट में है। सुबह से ही छाए घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे यातायात पर भी बुरा असर पड़ा है।
मुजफ्फरपुर में दो दिनों में और बढ़ेगी ठंड
मुजफ्फरपुर में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिन और रात के तापमान में लगभग 12 डिग्री सेल्सियस का अंतर देखा जा रहा है, जिससे लोगों को सुबह और देर रात अधिक ठंड महसूस हो रही है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक हल्की धुंध और कोहरे का असर दिखाई देने लगा है। वहीं पूसा मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।