कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्गावती नदी में नहाने गए तीन बच्चों में से एक 11 वर्षीय छात्र कमलेश कुमार डूब गया। वह एक अन्य बच्चे को बचाने के दौरान नदी में समा गया। कमलेश का शव 20 घंटे की तलाश के बाद शनिवार सुबह गांव से लगभग 15 किलोमीटर दूर अकोढ़ी मेला के पास से बरामद हुआ। मृतक की पहचान जयपुर गांव निवासी दुखी जायसवाल के पुत्र कमलेश कुमार (11 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटनाक्रम: डूबते बच्चे को बचाया, खुद की गई जान
स्थानीय निवासी दिनेश कुमार यादव ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे गांव के तीन बच्चे नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान एक छोटा बच्चा डूबने लगा। उसे बचाने के लिए कमलेश ने साहसिक प्रयास किया और उसे बाहर निकाल भी लिया, लेकिन वह खुद गहराई में चला गया और डूब गया।
पढ़ें: मारपीट में घायल युवक की मौत के बाद बवाल, सड़क जाम में फंसे पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी
घटना की सूचना मिलते ही गांव के 20 से 30 लोगों ने नदी में उतरकर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन को सूचित किया गया और गोताखोरों को बुलाया गया। शाम 6 बजे तक तलाश जारी रही, लेकिन कमलेश का कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह मिला शव
शनिवार की सुबह करीब 4 बजे से ही ग्रामीण एक बार फिर कमलेश की तलाश में निकल पड़े। इसी दौरान अकोढ़ी मेला के पास पुल के नीचे शव फंसा हुआ मिला। ग्रामीणों ने शव को निकालकर मोहनिया थाना पहुंचाया। स्थानीय निवासी राजेश जायसवाल ने बताया कि बच्चा शुक्रवार दोपहर डूबा था और शनिवार सुबह करीब 8 बजे अकोढ़ी से शव बरामद किया गया। मोहनिया थाना प्रभारी ने बताया कि यह घटना मोहनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।