बिहटा थाना क्षेत्र के आनंदपुर बधार स्थित एक निर्माणाधीन चारदीवारी के पास बुधवार को एक अज्ञात युवक का सिरकटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत काफी सड़ी-गली थी, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या कई दिन पहले की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर बिहटा थाना अध्यक्ष शशि कुमार राणा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की जेब से दो मोबाइल फोन और एक संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि हत्या कर शव को यहां फेंक दिया गया है। युवक काले रंग की पैंट और शर्ट पहने हुए था।
पढ़ें: बिहार में मनाया गया ‘संविधान हत्या दिवस’, उपमुख्यमंत्रियों ने कहा- आपातकाल लोकतंत्र का काला दिन
थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि शव पूरी तरह सड़-गल चुका है और शरीर से गर्दन पूरी तरह अलग है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस ने आसपास के सभी थानों को शव की पहचान के लिए सूचना भेज दी है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की किसी विवाद में हत्या कर शव को बाजार के समीप ठिकाने लगा दिया गया होगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।