Bihar: लुटेरों ने महिला से सोने की चेन, पेंडेंट, दो कंगन, ब्रेसलेट, एक सोने और एक हीरे की अंगूठी छीन ली। वारदात के दौरान कार चालक और महिला ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की।
राजधानी पटना के सबसे व्यस्त बेली रोड पर मंगलवार को दिनदहाड़े लूटपाट की बड़ी वारदात हुई। पुलिस मुख्यालय से महज 100 मीटर और शास्त्री नगर थाने से करीब 250 मीटर दूरी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने खुद को पुलिस बताकर एक कार को रोका। वाहन जांच के बहाने उन्होंने कार में बैठी बुजुर्ग महिला से करीब सात लाख रुपये के जेवर लूट लिए।
विज्ञापन
लुटेरों ने महिला से सोने की चेन, पेंडेंट, दो कंगन, ब्रेसलेट, एक सोने और एक हीरे की अंगूठी छीन ली। वारदात के दौरान कार चालक और महिला ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। ड्राइवर ने उनकी बाइक तक पकड़ ली, जिस दौरान हाथापाई भी हुई। लेकिन राहगीरों की भीड़ जुटते देख बदमाश जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद बेली रोड पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। काफी देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की बाइक जब्त कर ली और पीड़ित परिवार से पूछताछ की।
इधर, वारदात के बाद पीड़ित दंपति और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि पुलिस मुख्यालय और थाना के बीच सड़क पर लूट जैसी घटना होना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।