Bihar News: पटना साहिब में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाश पर्व को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आवागमन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 359वां प्रकाश पर्व के अवसर पर पटना साहिब आने वाले देश-विदेश के सिख श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बिहार के पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार इस पावन अवसर को ऐतिहासिक और स्मरणीय बनाने के लिए पूरी तरह तत्पर है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आवागमन को लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के गिनती के लिए काउंटिंग मशीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पर्यटक विभाग ने इसकी व्यवस्था की है।
विज्ञापन
पर्यटन मंत्री ने बताया कि प्रकाश पर्व के दौरान बड़ी संख्या में संगतों के पटना साहिब पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए गुरुद्वारा पटना साहिब के आसपास साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि पटना साहिब न केवल सिख धर्म का प्रमुख तीर्थ स्थल है, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।
श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए परिवहन विभाग ने विशेष पहल की है। परिवहन विभाग की ओर से 23 दिसंबर 2025, मंगलवार को सुबह 7:30 बजे से गुरुद्वारा पटना साहिब से शीतल कुंड, राजगीर के लिए 15 विशेष बसें चलाई जाएंगी। यह निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई गई है। यह सेवा खासतौर पर उन श्रद्धालुओं के लिए है जो प्रकाश पर्व के दौरान पटना साहिब के साथ-साथ राजगीर जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के दर्शन करना चाहते हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बसों की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि समयबद्ध और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके। वहीं, स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए लगातार निगरानी रखेगा।