तीन जवान भी हुए घायल
पुलिस ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रामधनी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने रामधनी यादव को मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव और एसडीएम विकास कुमार अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
भागलपुर एसएसपी ने क्या कहा?
वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि मुख्य आरोपी को हथियार बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने अपने सहयोगियों के साथ पुलिस टीम पर हमला कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। उन्होंने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जानिए क्या हुआ था एक दिन पहले?
एक दिन पहले यानी 28 अप्रैल को
सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की थी। इसमें नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद की मौत हो गई, जबकि नगर सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी लोग नगर परिषद कार्यालय के अंदर बैठे हुए थे और माहौल सामान्य था। तभी अचानक तीन अपराधी बाइक से वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के अंदर घुसकर फायरिंग शुरू कर दी। पहले दो गोलियां चलीं, उसके बाद लगातार कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे वहां अफरातफरी मच गई थी।
राजकीय सम्मान के साथ होगा दाह संस्कार
इस घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि दुःखद घटना में सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार का असामयिक निधन हो गया। उन्होंने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। शोक संतप्त परिजनों के प्रति इस अपूरणीय क्षति पर गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हैं। उनके परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा दिवंगत अधिकारी के दाह-संस्कार को राजकीय सम्मान के साथ सम्पन्न कराने का निर्णय लिया गया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल दें।