युवक को इलाज के लिए पटना एम्स रेफर किया गया
- फोटो : Amar Ujala
पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के बड़की टंगरेला गांव में शुक्रवार सुबह पुराने विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। फोटो वायरल करने को लेकर लंबे समय से चल रही तनातनी के बीच दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई और गोली चलने से रूपक कुमार, पिता मनोज पासवान, घायल हो गया। गोली उसके बाएं हाथ की उंगली में लगी। गंभीर हालत में नौबतपुर रेफरल अस्पताल से पटना एम्स रेफर किया गया।
टोंटबाजी से बढ़ा विवाद
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह पिंकू पासवान की बेटी घर में अकेली थी। इसी दौरान गुलशन कुमार और राहुल कुमार द्वारा कथित तौर पर टोंटबाजी किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पिंकू पासवान का भतीजा रूपक कुमार बीच-बचाव करने पहुंचा, तो गुलशन कुमार दर्जनों लोगों के साथ वहां पहुंच गया और रूपक पर लाठी-डंडे व रॉड से हमला कर दिया। इसी दौरान गुलशन द्वारा कट्टा से एक राउंड गोली चलाने का भी आरोप है। गोली रूपक के बाएं हाथ की उंगली में जा लगी।
फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने आरोप लगा था
बताया जाता है कि इस विवाद की चिंगारी करीब एक माह पहले भड़की थी। ग्रामीणों के अनुसार, गुड्डू कहार के बेटे गुलशन कुमार और उसके साथी राहुल कुमार पर पिंकू पासवान की बेटी की किसी अज्ञात युवक के साथ एडिट की गई फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा था। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ था। बाद में स्थानीय पंचों की पहल पर समझौता कराया गया, लेकिन विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ।
थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई
करीब 15 दिन पहले दोनों पक्ष फिर भिड़ गए थे। मामले में गुड्डू कहार के आवेदन पर नौबतपुर थाने में केस दर्ज हुआ, जबकि पिंकू पासवान की ओर से अनुसूचित जाति-जनजाति थाने में भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुराने विवाद के बावजूद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा और शुक्रवार को मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही नौबतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें-
बिहार के 34 जिलों में यलो का अलर्ट, पटना में रुक-रुक कर हो रही है बारिश; जानिए मौसम का हाल
नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि मारपीट की घटना की सूचना मिली है। घायल का इलाज पटना एम्स में जरी है। परिजनों की ओर से आवेदन दिया जा रहा है। आवेदन और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।