बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने “ऑपरेशन जखीरा” के तहत पश्चिमी इलाके में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से आठ अवैध हथियार, 33 जिंदा कारतूस और 26 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार आरोपियों के तार कई आपराधिक मामलों से जुड़े हैं और ये लोग 6 नवंबर को होने वाले मतदान को प्रभावित करने की कोशिश में थे।
सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पटना पुलिस की ओर से “ऑपरेशन जखीरा” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लगातार विभिन्न थाना क्षेत्रों में टीम बनाकर छापेमारी की जा रही है।
इसी क्रम में मंगलवार की रात पुलिस ने दानापुर इलाके से गुप्त सूचना के आधार पर सिद्धार्थ कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, सिद्धार्थ किसी व्यक्ति की हत्या की साजिश रच रहा था और उसका नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है।
पढ़ें: 'दिल्ली की 10 और बिहार की 20...अब 30 साल का हिसाब लेना जरूरी', नवादा में बोले अखिलेश यादव
इसके अलावा बिहटा से बृज कुमार, ललन मोहन राय और इंद्रजीत कुमार, जबकि रूपसपुर से मनोज रजक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इन सभी के पास से कुल 26 लाख रुपये नकद, देसी कट्टे, पिस्टल, राइफल, दुनाली बंदूक और विभिन्न बोर के 33 कारतूस बरामद किए हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि चुनाव के दौरान आम मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण में मतदान कराने के लिए प्रशासन की यह प्राथमिकता है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि को रोका जाए। इसी उद्देश्य से सभी थाना क्षेत्रों में अपराधियों के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान जारी है।