घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
छपरा जिले के मकेर थानाक्षेत्र अंतर्गत दादनपुर गांव में 45 वर्षीय महिला का शव बांसवाड़ी में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान डीही गांव निवासी अशोक राय की पत्नी मालती देवी के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की रात मालती देवी दूध गर्म कर रही थीं। उसी दौरान उन्होंने अपनी बेटी को बताया कि वह शौच के लिए जा रही हैं और मोबाइल लेकर घर से बाहर निकल गईं। कई घंटे बीत जाने के बाद जब वह वापस नहीं लौटीं, तो परिवार ने उनकी खोजबीन शुरू की। जब मोबाइल पर संपर्क किया गया, तो वह बंद आ रहा था। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह उनका शव गांव की बांसवाड़ी में संदिग्ध स्थिति में पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मकेर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को घेरा और फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर तहकीकात की और सबूत जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा के सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका के पति अशोक राय ने बताया कि उनकी पत्नी घर से मोबाइल लेकर बाहर निकली थीं, लेकिन कई घंटों तक वापस नहीं लौटीं। मोबाइल बंद होने और कोई सुराग न मिलने के कारण परिवार चिंतित हो गया था। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीण इस घटना को लेकर अलग-अलग तरह की अटकलें लगा रहे हैं। कुछ इसे हत्या का मामला मान रहे हैं, जबकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारण पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
पुलिस ने कहा कि महिला की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा। मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस हर एंगल से घटना की तफ्तीश में जुटी है।