Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की उम्र को लेकर स्पष्टीकरण आ गया है। पार्टी और परिजनों ने सही उम्र बता दिया। सभी लोगों से इसे ही सही मानने की अपील की। यह भी कहा कि निशांत कि वास्तविक उम्र यही है। यही जन्मतिथि आधार कार्ड पर भी दर्ज है। आइये जानते हैं पूरा मामला...
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जब से राज्यसभा जाने की घोषणा की है, तब से सोशल मीडिया पर लोग निशांत की उम्र को लेकर सवाल पूछ रहे हैं। कई जगह उनकी जन्मतिथि अलग अलग चल रही है। कहीं उनके जन्म का साल 1975 तो कहीं 1980 चल रहा है। कुछ लोग उनकी उम्र 45 साल तो कुछ 49 साल चला रहे हैं। लेकिन, निशांत कुमार के परिजनों और जनता दल यूनाईटेड से सारी बातें स्पष्ट कर दी है। परिजनों के अनुसार, निशांत कुमार की जन्मतिथि 20 जुलाई, 1981 है। यही उनके आधार पर भी दर्ज है।
कांग्रेस ने उम्र मामले पर क्या सवाल उठाया था?
दो दिन पहले ही कांग्रेस के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने इस मामले को उठाया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि मैं पूरे दावे और पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि निशांत कुमार के बारे में मीडिया लगातार दो गलत सूचनाओं दे रही है। पहली ये कि वो इंजीनियर हैं और दूसरी ये कि उनका जन्म 1975 में हुआ। सच यह है कि बीआईटी, मेसरा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे निशांत कुमार ने आखिरी साल में पढ़ाई छोड़ दी थी और, वो इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए थे। दूसरा सच यह है कि निशांत का जन्म 1975 में नहीं हुआ 1980 में हुआ है। सक्रिय राजनीति में उनका स्वागत है। लेकिन, स्वागत करने के लिए जबरदस्ती ना तो महान बनाने की ज़रूरत है और ना ही इंजीनियर बनाने की ज़रूरत। इसके लिए निशांत का एक सरल व्यक्ति होना ही काफी है।