पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के महिनावा सोन बांध स्थित बगीचे में किशोरी के साथ गैंगरेप कर उसकी हत्या किए जाने के मामले में आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-30 जाम कर दिया। आक्रोशितों ने आजाद नगर मोहल्ले के पास टायर जलाकर आगजनी की और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
घटना की जानकारी मिलते ही मनेर विधायक भाई वीरेंद्र मौके पर पहुंचे और पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना जताई। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिहार में शराबबंदी के बावजूद महिनावा बांध के नीचे और आजाद नगर इलाके में धड़ल्ले से शराब व नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है। इसमें स्थानीय पुलिस की मिलीभगत और लापरवाही साफ झलकती है। लोगों ने कहा कि घटना में शामिल अपराधियों ने नशे की हालत में वारदात को अंजाम दिया।
पढ़ें: गंगा की तेज धार से भीषण कटाव, कई मकान गंगा में विलीन; प्रशासन कर रहा कटावरोधी कार्य
सड़क जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोग देर तक माने नहीं। करीब तीन घंटे तक एनएच-30 पर आवागमन ठप रहा। अंततः स्थानीय समाजसेवियों और पुलिस-प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया।
उधर, पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, आजाद नगर मोहल्ले की रहने वाली किशोरी दो दिन पहले घर में खाना बनाने के लिए बगीचे से लकड़ी लेने गई थी। इसके बाद वह लापता हो गई थी। गुरुवार को बगीचे में उसका शव पेड़ से लटका हुआ मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किशोरी के साथ गैंगरेप कर हत्या की गई है।