Bihar : गड्ढे में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। यह घटना कर्मा-धर्मा पूजा के दौरान स्नान करने के क्रम में हुआ है। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों शवों को बाहर निकाला।
पटना में तीन किशोरों में से दो की गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। तीसरा किशोर बाल-बाल बच गया। मृतकों की पहचान सुदामा व्यास के पुत्र कुंदन कुमार (15) और भेखा राय के पुत्र बिगन कुमार (17) के रूप में हुई है, जबकि तीसरा कृष्णा राय का पुत्र राजू कुमार (16) हादसे में बच गया। घटना खासपुर पंचायत के छितनावा-खासपुर गांव की है।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि कर्मा-धर्मा पूजा के आयोजन के लिए कुंदन कुमार, बिगन कुमार और राजू कुमार तीनों झुरमुर (पेड़ की टहनियां) लेने गांव के पास पहलवान पथ स्थित दनैया नाले की ओर गए थे। नाले के किनारे से झुरमुर काटने के बाद तीनों उसमें उतर गए। झुरमुर लेने के बाद राजू बाहर निकल आया, जबकि कुंदन और बिगन गड्ढे में नहाने लगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल ही में जेसीबी से की गई खुदाई के कारण गड्ढा काफी गहरा हो गया था। गहराई का अंदाज़ा न लग पाने के कारण दोनों किशोर अचानक डूबने लगे। राजू ने जब यह दृश्य देखा तो वह घबराकर भागा और गांव में जाकर घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों किशोर पानी में डूब चुके थे। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों शवों को बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों मृतक अपने-अपने परिवारों के इकलौते संतान थे और सामाजिक कार्यकर्ता मधेश्वर यादव के परिजन हैं। घटना से परिवारों में गहरा शोक है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।