Bihar : भाई की हत्या के लिए दो सौतेले भाइयों ने 8 लाख की सुपारी दी थी। इसके लिए 5 दिन से रेकी की जा रही थी, लेकिन एक गलती ने योजना पर पानी फेर दिया। अब कई हथियार भी जब्त किए गए हैं।
बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर जमीन विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। डेढ़ करोड़ की जमीन के लालच में एक शख्स पर अपने सौतेले भाई की हत्या की सुपारी देने का आरोप लगा है। अब पुलिस ने हत्या की घटना को अंजाम देने से पहले ही सुपारी देने वाले दो सौतेले भाइयों सहित कुल 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
8 लाख की सुपारी और 5 दिन की रेकी, फिर भी योजना फेल
मामला कदमकुआं थाना क्षेत्र का है, जहाँ से पुलिस ने इन अपराधियों को गिरफ्तार किया। इस संबंध में पटना सेंट्रल एसपी दीक्षा का कहना है कि अपराधी पिछले 5 दिनों से पीड़ित नीरज पांडे की हत्या की साजिश के लिए रेकी कर रहे थे। गुरुवार को नीरज पांडे की सूचना पर कदमकुआं थाना की पुलिस ने दरियापुर फकीरवारा के पास से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसे नीरज पांडे की हत्या की सुपारी मिली है। इस घटना को अंजाम देने के लिए उसके बाकी साथी कदमकुआं थाना क्षेत्र के वैशाली गोलंबर के पास एक दिल्ली नंबर की होंडा सिटी कार में इंतजार कर रहे हैं। इस बात की जानकारी मिलते ही पुलिस उस जगह पर पहुंची और मौके से तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। शूटरों से मिली जानकारी के बाद, 8 लाख की सुपारी देने वाले दो सौतेले भाइयों मनीष और विकास को भी पुलिस ने उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
यह खबर भी पढ़ें-PM Modi AI Video: 'पीएम मोदी की दिवंगत मां का एआई-जनरेटेड वीडियो हटाएं', पटना हाईकोर्ट का कांग्रेस को आदेश
हथियारों का जखीरा बरामद
इस संबंध में पटना सेंट्रल एसपी दीक्षा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के जब्त होंडा सिटी कार से पुलिस ने 2 देसी कट्टा, 2 देसी पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस, 5 काले रंग की टोपी, 4 मोबाइल फोन और 3 मैगजीन बरामद की हैं। अपराधियों ने कबूल किया है कि उन्होंने नीरज पांडे की हत्या के लिए 8 लाख रुपए का सौदा किया था। पटना सेंट्रल एसपी दीक्षा ने बताया कि इस मामले में शामिल 2 फरार अपराधियों की तलाश जारी है, जिन्हें सुपारी के पैसे दिए गए थे। वहीं, सुपारी देने वाले भाइयों के परिजनों ने उन्हें निर्दोष बताया है।