Bihar : नाबालिग छात्रा की हत्या थी या हादसा, यह जांच का विषय है, लेकिन पुलिस के द्वारा परिजन को संतोषजनक जवाब न देना, यह लोगों के दिलों में पुलिस के प्रति बुरा भाव लाने के लिए पर्याप्त है। नतीजतन आज लोगों का गुस्सा घर से निकलकर सड़क पर आ गया।
पटना में नाबालिग लड़की की संदिग्ध मौत पर जमकर बवाल हुआ। परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने आगजनी कर सड़क जाम कर दिया और फिर खूब हंगामा हुआ। सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और सड़क जाम हटाने की कोशिश करने लगी, लेकिन घटना से नाराज लोग पुलिस की बात को अनसुना कर रहे थे। तब मजबूरन पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। घटना कदमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत नाला रोड स्थित सुलक्षणा पैलेस के पास की है।
पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
दरअसल 24 नवंबर को कदमकुआं इलाके के सुलक्षणा अपार्टमेंट के पास एक नाबालिग छात्रा का शव बरामद हुआ था। अगले दिन उसकी पहचान श्रुति कुमारी (15) के रूप में हुई। पुलिस का कहना था कि लड़की मानसिक रूप से कमजोर थी और उसने आत्महत्या की होगी। लेकिन परिजनों का आरोप है कि श्रुति कुमारी की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि उसके साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर छत पर से फेंककर उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस इस मामले को आत्महत्या का रूप देकर मामले को रफा-दफा कर देना चाहती है। परिजनों की मांग है कि आसपास के सीसीटीवी को खंगालते हुए मामले की अछि तरह से जांच की जानी चाहिए, लेकिन पुलिस आत्महत्या का एंगिल देकर मामले को फाइल में बंद कर देना चाहती है। परिजन इस घटना के दोषियों की अविलम्ब गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News : हाथ-पैर बांधकर हत्या, कनपटी-गर्दन में गोली मारी; प्रेमिका से मिलने आए युवक को किसने मारा?
विज्ञापन
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पटना टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने जानकारी दी कि 24 नवंबर को घटना के तुरंत बाद एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को सुलक्षणा पैलेस की छत पर एक जोड़ी चप्पल मिली है, जिससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि मृतका ऊपर से नीचे आई या गिरी। इसके अलावा, सीसीटीवी फुटेज में भी लड़की घटना से पहले अपार्टमेंट में अकेले जाती हुई नजर आ रही है। पटना टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।