सासाराम जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोड़हास जंगल से सोमवार को पुलिस ने एक चरवाहे का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान जिमरदाग गांव निवासी लगभग 50 वर्षीय रामनाथ उरांव के रूप में हुई है। शव के चेहरे पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका गहराती जा रही है।
मवेशी चराने जंगल गया था चरवाहा
परिजनों के अनुसार रामनाथ उरांव रविवार की सुबह अपने मवेशियों को लेकर पास के जंगल में चराने गया था। लेकिन देर शाम तक वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार के बाद जब कोई सूचना नहीं मिली, तो परिजन उसकी तलाश में जंगल की ओर निकले। खोजबीन के दौरान उन्हें जंगल में रामनाथ का चप्पल, छाता और गमछा मिला, लेकिन वह खुद कहीं दिखाई नहीं पड़ा।
जंगल में मिला शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
लंबी खोजबीन के बाद जब ग्रामीणों ने जंगल के भीतर रामनाथ का शव देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। शव के चेहरे पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या की गई है। हालांकि कुछ लोगों का यह भी मानना है कि उस पर जंगली जानवर ने हमला किया हो सकता है।
पढे़ं: नालंदा के मुख्य स्थानों पर लगेंगे एएनपीआर CCTV कैमरे, श्रावण मास में विशेष सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, दिया आवेदन
मृतक के पुत्र मिथलेश उरांव ने अपने पिता की हत्या की आशंका जताते हुए नौहट्टा थाना में एक लिखित आवेदन दिया है। परिजनों का कहना है कि रामनाथ की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, फिर भी इस तरह से उनकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही नौहट्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आवेदन के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।