पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में रविवार देर रात एक रिसेप्शन पार्टी के दौरान गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। कुछ ही देर में दोनों की मौत की पुष्टि हो गई। इससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया।
10-12 की संख्या में आए थे हमलावर
जानकारी के अनुसार, यह घटना एक शादी समारोह के बाद आयोजित रिसेप्शन पार्टी में हुई। पार्टी में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू किया गया और फिर हथियार निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी गई। गोली लगने से दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद लोग भागने लगे और 10-12 की संख्या में आए हमलावर फरार हो गए।
पहले मिली धमकी, अब साजिशन हत्या
इनकी पहचान मनजीत कुमार और मनीष कुमार के रूप में हुई। आननफानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ ही देर बाद एक-एक कर दोनों की मौत हो गई। परिवार और अन्य लोगों में घटना के बाद भारी तनाव और भय का माहौल रहा। परिजनों के अनुसार गोतिया के पुराने विवाद में साजिशन यह हत्या की गई। पहले धमकी दी गई थी, जिसकी सूचना पुलिस को भी थी।
पुलिस की कार्रवाई
गोपालपुर थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने कहा कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे इलाके में सतर्कता बरत रही है और लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस को सहयोग करें।