पटना पुलिस ने सिटी मॉल कर्मचारी से हथियार के बल पर ₹6,36,926 की लूट के मामले का सफल उद्भेदन करते हुए एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पहले ही सात अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
बुधवार को पटना सिटी पूर्वी के एसपी परिचय कुमार ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि मेहंदीगंज, बाईपास और सुल्तानगंज थाने के गंभीर मामलों के खुलासे के दौरान यह गिरफ्तारी हुई। उन्होंने बताया कि सोनालिका नगर स्थित सिटी मॉल के कर्मचारी से हुई इस लूट की घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सिटी-2) गौरव कुमार ने किया।
पढ़ें: मुजफ्फरपुर कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव को भेजा नोटिस, ‘बिहारी’ पर विवादित पोस्ट से जुड़ा मामला
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूटकांड में प्रयुक्त आर-15 मोटरसाइकिल, लूटी गई स्कूटी और नगदी बरामद की थी। कांड का अप्राथमिकी अभियुक्त विकास कुमार उर्फ दारू उम्र 20 वर्ष, पिता मुन्नी यादव, निवासी बड़ी पहाड़ी, थाना अगमकुआ, जिला पटना फरार था, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से लोडेड देसी कट्टा और बाईपास थाना कांड संख्या 392/25 में लूटी गई 15,000 की नकदी बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि लूट के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अलग-अलग जगहों पर छिपता और भागता रहा। उसने अपने हिस्से के अधिकांश पैसे खर्च कर दिए थे, जबकि ₹15,000 शेष बचे थे।पुलिस ने बताया कि विकास कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।