ISRO YUVIKA 2026: पटना छात्र उज्ज्वल राज ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रतिष्ठित युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम में भाग लेकर बिहार का नाम रोशन किया है। उज्ज्वल राज ने अंतरिक्ष विज्ञान, रॉकेट तकनीक और उपग्रह निर्माण से जुड़ी आधुनिक जानकारियां हासिल कीं। आइये जानते हैं पटना आने के बाद उज्ज्वल ने क्या कहा?
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बिक्रम के छात्र उज्ज्वल राज ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के प्रतिष्ठित युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम में भाग लेकर पटना और बिहार का गौरव बढ़ाया है। इस वर्ष पटना से चयनित होने वाले वह एकमात्र छात्र रहे, जिन्होंने देशभर से चुने गए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक की दुनिया को करीब से समझने का अवसर प्राप्त किया। युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम का आयोजन 11 से 22 मई 2026 तक बेंगलुरु स्थित यूआर राव सैटेलाइट सेंटर (URSC) में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान, अनुसंधान और आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना था। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
विज्ञापन
उज्ज्वल राज ने कहा कि इसरो का युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम उनके जीवन का सबसे प्रेरणादायक और यादगार अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम ने अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति उनकी रुचि को और अधिक मजबूत किया है। कार्यक्रम के समापन पर उन्हें यूआरएससी निदेशक से प्रशंसा मिली, वहीं ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का ऑटोग्राफ भी प्राप्त हुआ, जिसे उन्होंने अपनी विशेष उपलब्धियों में से एक बताया। उज्ज्वल ने कहा कि वह वैज्ञानिक बनना चाहता है।
इसरो प्रमुख सहित कई वैज्ञानिकों से मिला मार्गदर्शन
कार्यक्रम के दौरान उज्ज्वल राज को इसरो अध्यक्ष एवं अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन, यूआरएससी निदेशक डॉ. एम. शंकरण, ह्यूमन स्पेस फ्लाइट सेंटर (HSFC) के निदेशक डी.के. सिंह तथा भारतीय वायु सेना के अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला समेत कई वरिष्ठ वैज्ञानिकों और अधिकारियों से संवाद करने का अवसर मिला।
विज्ञापन
रॉकेट विज्ञान और उपग्रह तकनीक की मिली जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उपग्रह प्रौद्योगिकी, रॉकेट विज्ञान, रिमोट सेंसिंग और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने मॉडल रॉकेट्री और मून रोवर जैसी गतिविधियों में भी भाग लिया। उज्ज्वल राज ने ISITE, ISTRAC और LEOS जैसी इसरो की अत्याधुनिक सुविधाओं का अवलोकन कर उपग्रह निर्माण, मिशन नियंत्रण और अंतरिक्ष उपकरणों की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
Bihar:राबड़ी देवी के बयान पर उपेंद्र कुशवाहा बोले- लोकतंत्र में मर्यादा जरूरी, संयमित भाषा का इस्तेमाल करें
पटना सिटी में उज्ज्वल को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम से लौटने के बाद बेलवरगंज स्थित उनके आवास पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पटना की उपमहापौर रेशमी चंद्रवंशी, रंगकर्मी आलोक चोपड़ा, समाजसेवी कमलनयन श्रीवास्तव, राजेश राय समेत कई गणमान्य लोगों ने उज्ज्वल राज को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उज्ज्वल राज के माता-पिता ऋतु राज और राजेश राज के साथ परिवार के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।