Bihar News : पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान को आज से आम लोगों के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह प्रतिबंध 25 जनवरी तक लागू रहेगा। जिला प्रशासन के द्वारा यह आदेश निर्गत किया गया है।
बिहार की राजधानी पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान रविवार से आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यह पाबंदी 25 जनवरी तक लगी रहेगी। 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की भव्यता और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने यह आदेश जारी किया है। शनिवार को अन्य अधिकारियों के साथ उन्होंने गांधी मैदान का मुआयना किया और इसके बाद उन्होंने बाकी बचे हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिया।
चार जोन में बंटा गांधी मैदान, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पटना प्रशासन ने गांधी मैदान को सुरक्षा और व्यवस्था के दृष्टिकोण से चार प्रमुख जोन में विभाजित किया है। हर जोन की जिम्मेदारी अपर जिला दंडाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को दी गई है। पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने स्पष्ट रूप से चेतावनी देते हुए कहा है कि भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
24 घंटे सक्रिय रहेगी निगरानी कमेटी
पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों में कोई कमी न रहे, इसके लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक मल्टी-मेंबर सब-कमेटी बनाई गई है, जो 24 घंटे काम करेगी। इस समिति में भवन निर्माण, पीएचईडी और श्री कृष्ण स्मारक विकास समिति के अधिकारी शामिल हैं। गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन भव्य होगा, इसलिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और तय समय सीमा के भीतर सफाई, मरम्मत और सौंदर्यीकरण का काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है। आम जनता की सुविधा के लिए सभी प्रवेश द्वारों पर ग्लो-साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
यह खबर भी पढ़ें -Bharat Ratna : नीतीश के बाद अब लालू यादव के लिए उठी भारत रत्न की मांग, तेज प्रताप के साथ खेसारी ने कही यह बात
कल से शुरू होगा परेड का रिहर्सल
गणतंत्र दिवस के मुख्य आकर्षण यानी परेड का रिहर्सल 11 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। इस दौरान विभिन्न टुकड़ियाँ कदमताल करती नजर आएंगी। पटना डीएम के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त और नगर पुलिस अधीक्षक सहित सभी विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।