भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित रोड शो को लेकर पटना पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। यह रोड शो 23 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक (या वीआईपी कार्यक्रम समाप्ति तक) आयोजित होगा। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा, जबकि वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। रोड शो पटना एयरपोर्ट से शुरू होकर अरण्य भवन, शेखपुरा मोड़, पटेल भवन, पुनाईचक, हाईकोर्ट, ऊर्जा भवन, आयकर गोलंबर होते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय और मिलर हाई स्कूल तक जाएगा।
इस वैकल्पिक रोड से जाएं आम लोग
नितिन नवीन के प्रस्तावित रोड शो को लेकर पटना में यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। कंकड़बाग से पटना जंक्शन की ओर से पश्चिम दिशा में जाने वाले सभी प्रकार के वाहन जीपीओ आरओबी होते हुए आर ब्लॉक आरओबी, गर्दनीबाग आरओबी और अनिसाबाद गोलंबर के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं बेली रोड (नेहरू पथ) पर डाकबंगला से पश्चिम की ओर जाने वाले वाहनों के लिए दो वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। उत्तर दिशा में जाने वाले वाहन बुद्ध मार्ग, पुलिस लाइन तिराहा, राजापुर पुल होते हुए अशोक राजपथ से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे, जबकि दक्षिण दिशा में जाने वाले वाहन कोतवाली टी, जीपीओ आरओबी, आर ब्लॉक आरओबी, गर्दनीबाग आरओबी होते हुए अनिसाबाद गोलंबर की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा वीरचंद पटेल पथ पर आर ब्लॉक गोलंबर नीचे एवं आर ब्लॉक गोलंबर आरओबी के ऊपर से आयकर गोलंबर तक दोनों फ्लैंक में सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। रोड शो में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं और आमजनों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। छोटे वाहनों की पार्किंग जीपीओ गोलंबर नीचे से आर ब्लॉक नीचे तक निर्धारित की गई है, जबकि बड़े वाहनों और बसों की पार्किंग अटल पथ पर सिंगल लेन के एक फ्लैंक में की जाएगी।