बक्सर जिले में टाउन थाना क्षेत्र के रामरेखा घाट से एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है। बताया जाता है वह व्यक्ति शहर के मुसाफिरगंज का निवासी था। मृतक के भाई ने बताया कि वह 21 जनवरी की शाम आठ बजे किसी समारोह में जाने की बात कहकर घर से निकले थे। लेकिन वापस नहीं पहुंचे। सुबह रामरेखा घाट पर पहुंचे स्थानीय पुजारी तथा स्नानार्थियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी।
मिली जानकारी के मुताबिक, मुसाफिर गंज निवासी 42 वर्षीय नवीन कुमार राय शाम तकरीबन आठ बजे घर से यह कह कर निकले थे कि वह किसी निमंत्रण में जा रहे हैं। रात लगभग 10 बजे तक जब वापस नहीं लौटे तो उनके मोबाइल फोन पर किया गया। 2-3 बार रिंग होने के बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद परिजनों ने पूरी रात कई जगहों पर उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई अता-पता नहीं चल सका।
पुजारी ने दी घटना का सूचना
इसी बीच गुरुवार सुबह रामरेखा घाट पर उनका शव पड़े होने की बात सामने आई। स्थानीय पुजारी अमरनाथ पांडेय उर्फ लाला बाबा ने नगर थाने की पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। नवीन किन परिस्थितियों में रामरेखा घाट पहुंचे तथा उनकी मृत्यु कैसे हुई यह सवाल अभी भी अनसुलझा है। मामले में पुलिस की जांच में जुटी हुई है।