नालंदा जिले के हिलसा प्रखंड में गुरुवार को किसानों ने एक अनोखा प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को मनवाने के लिए किसानों ने सड़कों पर अपनी ही उपज फेंक दी। यह घटना रामबाबू हाईस्कूल के समीप हुई।
किसानों का आरोप है कि पिछले 15 दिनों से प्रशासन उन्हें हिलसा शहर के उत्तरी भाग में सब्जी बेचने से रोक रहा है। किसान उदय कुमार ने बताया, हम लोग कई साल से इसी जगह पर सब्जी बेचते आए हैं। प्रशासन ने अचानक हमें यहां से हटाने का आदेश दे दिया है।
प्रशासन का फैसला
दरअसल, किसानों द्वारा सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से सब्जी मंडी लगाने के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। इसी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने किसानों के लिए ककड़िया मोड़ के पास एक जगह चिन्हित की थी। लेकिन यह जगह शहर से काफी दूर होने के कारण किसान वहां अपना सामान ले जाने से हिचक रहे थे।
किसानों की मुश्किलें
किसानों का कहना है कि उन्हें शहर से दूर जगह पर सब्जी ले जाने में काफी परेशानी होती है। इसके अलावा, नई जगह पर ग्राहकों की संख्या भी कम होगी। प्रशासन का कहना है कि सड़क किनारे सब्जी मंडी लगाने से यातायात बाधित होता है और शहर की सुंदरता भी बिगड़ती है। इसलिए किसानों के लिए एक निश्चित जगह आवंटित की गई है। किसानों के साथ विचार विमर्श कर समस्या का समाधान निकाला जाएगा।