2025 Sawan : सावन का पवित्र महीना चल रहा है और इस बीच एक बुरी खबर आई है। महादेव को जलाभिषेक करने गये एक कांवरिये की मौत हो गई। उसके शव को खोजकर निकालने में काफी मशक्कत की गई।
सासाराम के विंध्य पर्वत श्रृंखला के कैमूर पहाड़ी पर अवस्थित गुप्ता धाम में जलाभिषेक के लिए आए एक कांवरिये की शीतल कुंड में डूबने से मौत हो गई। घटना चेनारी थाना क्षेत्र के गुप्ता धाम की है। मृतक की पहचान पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत खरौना गांव निवासी प्रदुम्न कुमार के रूप में हुई है।
विज्ञापन
जलाभिषेक के लिए दोस्तों संग आया था युवक
घटना के संबंध में मृतक के दोस्तों ने बताया कि मृतक प्रदुम्न कुमार पटना से अपने तीन दोस्तों के साथ गुप्ता धाम स्थित बाबा गुप्तेश्वर नाथ पर जलाभिषेक करने पहुंचा था। मान्यता के अनुसार जलाभिषेक से पूर्व वह अपने दोस्तों संग स्नान करने के लिए धाम से 3 किलोमीटर दूर शीतल कुंड पहुंचा, लेकिन इसी दौरान पैर फिसलने के कारण शीतल कुंड के गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News : ससुराल में आकर पति ने पत्नी की गला घोंटकर की हत्या, अपाचे बाइक की मांग को लेकर हुई थी बहस
विज्ञापन
शव का कराया गया पोस्टमार्टम
घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुंड से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही चेनारी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के अन्य दोस्तों की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम कराया गया तथा परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
गुप्ता धाम के दुर्गम इलाके में सावधानी जरूरी
कैमूर पहाड़ी की गोद में अवस्थित गुप्ता धाम तक जाने वाली सड़क पहाड़ और जंगल के दुर्गम रास्तों से होकर गुजरती है। जगह-जगह पहाड़ों से गिरते झरने लोगों को खूब आकर्षित करते हैं, लेकिन इन झरनों पर जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित होती है।