पटना में बालू माफियाओं का आतंक थम नहीं रहा। बालू माफियाओं ने बुधवार की देर रात का परिचय देते हुए खनन विभाग द्वारा बनाए गए अस्थाई चेक पोस्ट को आग को फूंक दिया। जब तक पुलिस पहुंचती तब तक चेक पोस्ट जलकर राख हो चुका था। हालांकि, पुलिस ने इस बात की सूचना अग्निशमन दस्ते को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची अग्निशमन की गाड़ी ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इस बीच पोस्ट जलकर राख हो गया।
इधर, घटना के बाद खनन विभाग के अधिकारियों ने बिहटा थाने में चार अज्ञात बालू माफिया के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। बिहटा थाने की पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि अभी 2 दिन पूर्व खनन विभाग ने बालू माफियाओं के खिलाफ जमकर अभियान चलाते हुए कई ओवरलोड गाड़ियों को पकड़ा था। गाड़ियों को पकड़कर खनन विभाग के अधिकारियों ने बिहटा थाने के हवाले कर दिया था। इसी से नाराज बालू माफियाओं ने खनन विभाग को सबक सिखाने की ठान ली। बताया जा रहा है कि इसी के प्रतिशोध में बालू माफियाओं ने बिहटा पटना मुख्य मार्ग पर सड़क के किनारे बनाए गए चेक पोस्ट को बीती रात आग के हवाले कर दिया।
4 बदमाशों ने लगाई चेक पोस्ट में आग
बिहटा थाना प्रभारी ने बताया कि बुधवार की देर रात पोस्ट के नजदीक देखरेख के लिए स्थानीय युवक को बैठाया गया था। इसी क्रम में 4 बदमाश पहुंचे और चेक पोस्ट पर बैठे युवक को जल्द वहां से भाग जाने का निर्देश दिया। इसके बाद बालू माफियाओं ने चेक पोस्ट में आग लगा दी। आग लगने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बिहटा थाने की पुलिस और अग्निशमन दस्ते की गाड़ी ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इस बीच बांस बल्ली से घेरकर बनाए गए चेक पोस्ट पूरी तरह जलकर राख हो गया। पुलिस बालू माफियाओं की तलाश में छापेमारी कर रही है। कुछ लोगों से पूछताछ चल रही है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।