Bihar : बाहुबली अनंत सिंह को जमानत मिल गई है। जमानत मिलने के बाद समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। अनंत सिंह सोनू-मोनू चर्चित गोलीकांड मामले में जेल गये थे। पटना हाईकोर्ट में जस्टिस चंद्रशेखर झा ने मामले की सुनवाई की।
पूर्व विधायक अनंत सिंह को हाई कोर्ट ने बहुचर्चित सोनू-मोनू गोलीकांड मामले में जमानत दी है। पटना हाई कोर्ट से जमानत मिलते ही समर्थकों में खुशी का माहौल कायम हो गया। समर्थको ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर और पटाखे फोड़ते हुए मिठाई बांटकर जश्न मनाया। पटना हाईकोर्ट में जस्टिस चंद्रशेखर झा ने मामले की सुनवाई की। अनंत सिंह जनवरी 2025 से जेल में बंद थे। उन्हें पंचमहला थाना में दर्ज कांड संख्या 05/2025 के तहत गिरफ्तार किया गया था।
यह मामला कई मामलों में वांछित रहे सोनू-मोनू पर हुए हमले से जुड़ा है। इससे पहले इस केस में आरोपी सोनू को भी जमानत मिल चुकी है, जिसके बाद उसे भागलपुर जेल से रिहा कर दिया गया था। अब अनंत सिंह को भी जमानत मिलने के बाद उनके जेल से बाहर आने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। इस बात की सूचना मिलते ही उनके समर्थक उत्साहित हो गये । बड़ी संख्या में जुटे अनंत समर्थकों ने थाना चौक पर पटाखे फोड़े और अनंत सिंह जिंदाबाद के नारे भी लगाए। मोकामा थाना चौक पर अनंत समर्थक कन्हैया सिंह और चंचल सिंह ने इस खुशी में एक-दूसरे को मिठाई भी खिलाई और आगामी चुनाव में जीत की हुंकार भरी। अनंत सिंह के समर्थकों ने पूर्व विधायक को जमानत मिलने को न्याय की जीत बताया है।
22 जनवरी,2025 को सोनू और मोनू ने मुकेश सिंह के घर में ताला लगा दिया था। मुकेश उनके ईंट भट्टे में मुंशी का काम करता था। दोनो ने उस पर कथित तौर पर 68 लाख रुपए के गबन का आरोप लगाया था। मुकेश ने अनंत सिंह से मदद मांगी। साथ ही पंचमहला थाना में सोनू-मोनू के खिलाफ शिकायत की थी। वही दोनों पक्षों के जमकर गोलीबारी हुई थी।