भारतीय जनता पार्टी के पूर्व केंद्रीय मंत्री और आरा के पूर्व सांसद आरके सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वे कथित रूप से कहते दिखाई दे रहे हैं कि कोई उन्हें डराने की कोशिश करे तो वे डरने वालों में से नहीं हैं। उन्होंने कहा, “अगर हम पर कोई उंगली उठाएगा तो दोनों उंगली आंख में घुसेड़ देंगे। कोई कार्रवाई करके देखे, उसको मुंह छुपाने की जगह नहीं मिलेगी।”
वीडियो में उन्होंने आगे कहा कि हम शुरू से ऐसे रहे हैं, शांत हैं तो शांत हैं, लेकिन थोड़ा भी इधर-उधर करिएगा तो नंगा करके रख देंगे।” हालांकि, इस वीडियो का समय और स्थान अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो के वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई है। यह विशेष रूप से इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि हाल ही में आरके सिंह ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।
ये भी पढ़ें: Bihar Election Result: तीन सवालों से समझिए- नीतीश कुमार ने इस्तीफा क्यों नहीं दिया? नेता प्रतिपक्ष कौन होंगे?
उन्होंने इस्तीफे से पहले उम्मीदवार चयन को लेकर पार्टी नेतृत्व पर नाराज़गी जताई थी और उम्मीदवार को वोट न देने की अपील की थी। इसके अलावा, उन्होंने बिजली क्षेत्र में बड़े वित्तीय अनियमितताओं का आरोप भी लगाया था, जिस पर पार्टी नेतृत्व ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा। इसके तुरंत बाद उन्होंने भाजपा छोड़ने की घोषणा की। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि आरके सिंह के इस वीडियो और उनके इस्तीफे के बाद आरा और आसपास के राजनीतिक वातावरण में हलचल बढ़ गई है।