शराब के नशे में युवक ने अधेड़ को कैंची मारकर घायल किया
- फोटो : अमर उजाला
बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र के बिहारी बिगहा गांव में मंगलवार दोपहर नशे की हालत में एक युवक ने अधेड़ व्यक्ति पर कैंची से हमला कर दिया। घटना में अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल की पहचान बिहारी बिगहा निवासी रंजीत सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे रंजीत सिंह गांव के ही एक युवक के साथ स्थानीय ठाकुरबाड़ी के पास बैठे थे। दोनों के बीच पहले से दोस्ती थी और उस समय दोनों ने शराब पी रखी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
ये भी पढ़ें: Bihar News: तेज रफ्तार का कहर, स्कॉर्पियो-बाइक की टक्कर में युवक की मौत, सड़क जाम कर लोगों ने किया हंगामा
आरोप है कि बहस बढ़ने पर युवक ने आपा खो दिया और पास में रखी कैंची उठाकर रंजीत सिंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में उनके सिर और एक हाथ में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। परिवार ने आरोपी के खिलाफ पंडारक थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।