नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र में बुधवार को अपराधियों ने एक युवक से मोटरसाइकिल लूटने के दौरान उसे गोली मार दी। यह घटना एसएच-78 स्थित भंडारी मोड़ पर हुई, जहां तीन की संख्या में आए बदमाशों ने युवक को घेरकर उसकी बाइक छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी और युवक की बाइक लेकर फरार हो गए।
घायल युवक का इलाज जारी
जानकारी के मुताबिक, गोली लगने से घायल युवक की पहचान रहुई थाना क्षेत्र के पैठना गांव निवासी अभिषेक राज (22) के रूप में हुई है। वह अलीपुर गांव से रहुई बाजार की ओर जा रहा था, तभी भंडारी मोड़ के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे रोका और लूटपाट की कोशिश की। जब अभिषेक ने अपनी बाइक देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने उसे दाहिने पैर में घुटने के ऊपर गोली मार दी और बाइक लेकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को रहुई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अभिषेक राज कौशल विकास केंद्र रहुई में काम करता है और रोजाना वह इसी रास्ते से बाजार आता-जाता था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
इस घटना को लेकर सदर डीएसपी-2 संजय जायसवाल ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि तीन बदमाशों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और बदमाशों की पहचान के लिए छापामारी की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
बढ़ते अपराधों से लोग दहशत में
इस घटना के बाद रहुई और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।