सीएम सम्राट चौधरी ने दिया ईशान किशन को सम्मान।
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को बिहार सरकार ने एक करोड़ रुपये का इनाम दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज उन्हें एक करोड़ रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने ईशान को उनके सफल क्रिकेट करियर के लिए शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ईशान के साथ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य, शानदार बल्लेबाज और बिहार के लाल ईशान किशन को विश्व कप जीत में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए राज्य सरकार द्वारा एक करोड़ रुपये की राशि देकर सम्मानित किया। सफल क्रिकेट करियर के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। बिहार का नाम यूं ही रोशन करते रहिए।
2026 में ईशान का प्रदर्शन बेहद दमदार रहा
टी20 विश्व कप 2026 में ईशान का प्रदर्शन बेहद दमदार रहा। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए विकेटकीपर-बल्लेबाज ने टीम के लिए अहम योगदान दिया। उन्होंने टूर्नामेंट के 9 मुकाबलों में 193 के शानदार स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतक निकले और उनका सर्वोच्च स्कोर 77 रन रहा। ईशान, टी20 विश्व कप में भारत की ओर से संजू सैमसन के बाद सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इतना ही नहीं आईपीएल टी20 में भी ईशान किशन का प्रदर्शन शानदार रहा।