बिहार के खेल इतिहास में शुक्रवार का दिन एक मील का पत्थर बन गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर खेल परिसर स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हॉकी एशिया कप-2025 का औपचारिक शुभारंभ किया। समारोह की शुरुआत हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई, जिसके बाद पूरे स्टेडियम में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार की पहचान
राजगीर के हॉकी स्टेडियम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में दर्शकों का उत्साह देखने लायक था। हजारों की संख्या में मौजूद खेल प्रेमियों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम का भ्रमण किया और खिलाड़ियों व दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। भारत और चीन के बीच खेले जाने वाले उद्घाटन मुकाबले से पहले मुख्यमंत्री ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान भारत और चीन के राष्ट्रगान गाए गए और दोनों टीमों के खिलाड़ियों के साथ सामूहिक तस्वीर भी ली गई।
पहले चीन ने बढ़त बनाई, फिर भारत ने पलटा खेल
राजगीर खेल परिसर में भारत और चीन के बीच हुआ हॉकी मैच दर्शकों के लिए रोमांच और उतार-चढ़ाव से भरपूर रहा। एशिया की दो कद्दावर टीमों की भिड़ंत में कुल सात गोल हुए और खास बात यह रही कि सभी गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर दागे गए। इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने आखिरी पलों तक दमदार खेल दिखाते हुए 4-3 से जीत दर्ज की।
यह भी पढ़ें- India vs China Asia Cup Hockey: हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक से जीता भारत, चीन को अपने पहले मैच में 4-3 से हराया
मैच के शुरुआती मिनटों में चीन ने बढ़त लेकर भारतीय दर्शकों को सन्न कर दिया। 12वें मिनट में चीन के शिहायो डू ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-0 कर दिया। हालांकि ज्यादा देर तक भारत दबाव में नहीं रहा। 18वें मिनट में भारत के जुगराज सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया। इस गोल के साथ ही पूरा स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा।
आठ देशों की भागीदारी वाला प्रतिष्ठित टूर्नामेंट
हॉकी एशिया कप-2025 की शुरुआत राष्ट्रीय खेल दिवस (मेजर ध्यानचंद की जयंती) के अवसर पर की गई। इस बार टूर्नामेंट में आठ शीर्ष एशियाई देश भारत, जापान, चीन, मलेशिया, कजाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे भाग ले रहे हैं।
सभी मुकाबले राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल सात सितंबर को आयोजित होगा। इससे पहले इस आयोजन को लेकर ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के विभिन्न जिलों और देश के अन्य राज्यों में निकाली गई थी, जिससे लोगों में खेल के प्रति उत्साह और जागरूकता फैली।
राजगीर में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का विकास
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस अवसर पर राजगीर खेल परिसर में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छठे तल तक जाकर स्टेडियम की संरचना और दर्शकों की बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्य की प्रगति और उपलब्ध कराई जाने वाली आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधाओं एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
यह भी पढ़ें- Asia Cup Hockey: पेनाल्टी कॉर्नर से गोल दागकर चीन ने कर दिया था सन्नाटा; भारत ने फिर कैसे चीन को दी शिकस्त?
खेल को बढ़ावा देने की सरकारी प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि बिहार सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए लगातार काम कर रही है। विश्वस्तरीय स्टेडियम और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन इसी दिशा में उठाया गया कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन से बिहार की नई पहचान बनेगी और युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन तथा खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. डी. राजेन्द्र, बिहार खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर कुमार सिन्हा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा, नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के साथ-साथ सभी प्रतिस्पर्धी देशों के खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी शामिल हुए।