बिहार के शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य के विभिन्न विभागों से शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति के लिए बिहार लोक सेवा आयोग को नई अधियाचना दी गई है। अब आयोग बहुत जल्द शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के खाली पदों भरने के लिए विज्ञापन जारी करेगा। विज्ञापन जारी होते ही ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जानिए किस वर्ग के शिक्षक के लिए निकलेगी वैकेंसी
बिहार लोक सेवा आयोग को सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से शिक्षा विभाग के अन्तर्गत वर्ग 1 से 5, 6 से 8, 9 से 10 एवम् 11 से 12 के विद्यालय अध्यापक तथा अनुसूचित जाति एवम् अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अन्तर्गत वर्ग 1 से 5, 6 से 10, 11 से 12 के विद्यालय अध्यापक एवम् प्रधानाध्यापक तथा पिछड़ा वर्ग, एवम् अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अन्तर्गत वर्ग 6 से 8, 9 से 10, 11 से 12 के विद्यालय अध्यापक एवम् प्रधानाध्यापक के पदों पर नियुक्ति हेतु अधियाचना प्राप्त हुई है।
46 हजार वैकेंसी निकालेगी सरकार
दरअसल बिहार में विपक्ष लगातार बेरोजगारी और पलायन का हवाला देते हुए सरकार को घेरते रहती है। वैसे भी चुनावी माहौल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह घोषणा की थी कि एनडीए की सरकार बनने के साथ ही अगले पांच वर्षों में बिहार सरकार एक करोड़ नौकरी और रोजगार बिहार के युवाओं को देगी। वहीं दूसरी तरफ बताया यह भी जाता है कि सरकार ने बिहार में चल रहे शिक्षक अभ्यर्थियों के आंदोलन को देखते हुए यह निर्णय लिया है। बताया जाता है कि शिक्षक और प्रधानाध्यापकों के लिए सरकार लगभग 46 हजार वैकेंसी निकालेगी।