लालू-राबड़ी राज में अपहरण का धंधा चरम पर था। हत्या और लूट के घटनाओं की थाने में प्राथमिकी तक दर्ज नहीं होती थी। लेकिन जब बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी तो पूरे सूबे में अपहरण और माफिया उद्योग का सफाया हो गया। राजद विनाश की बात करती है। जबकि एनडीए विकास के रास्ते पर चलती है। उक्त बातें रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम पहुंचे जदयू के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. निहोरा यादव ने अतिथि गृह में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि 30 जनवरी को जिले के न्यू स्टेडियम फजलगंज सासाराम होने वाली एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारी शुरू हो गई है। सम्मेलन ऐतिहासिक होगी और चट्टानी एकता के साथ एनडीए गठबंधन 2025 के विधानसभा चुनाव में भी परचम लहराएगी।
वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रेमचंद्र पटेल ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में बच्चे और महिलाएं घर से बाहर नहीं निकलती थी। शाम होते ही घर के दरवाजे बंद हो जाते थे और व्यवसायी पलायन करते थे। लेकिन बिहार की जनता ने जब राजद के कुशासन, भ्रष्टाचार और अराजकता से तंग आकर एनडीए को चुना तो एनडीए ने सुशासन के सपने को हकीकत में बदलकर दिखाया। आज बिहार के शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कृषि और बुनियादी क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य हुए और आज भी बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस को लोजपा (आर) के प्रवक्ता राजेश भट्ट, हम के प्रवक्ता राजेश पांडे एवं राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रवक्ता नीतिन भारती ने भी सम्बोधित किया और बताया गया कि एनडीए घटक दलों का समेकित कार्यक्रम चल रहा है। जो यह बताता है कि सभी घटक दल अब एनडीए पार्टी बन गई है।
वहीं, एनडीए गठबंधन के सभी घटक दलों के प्रवक्ता ने दावा किया कि 2025 में 225 सीट जीतकर नीतीश के नेतृत्व में फिर बिहार में सरकार बनेगी और बिहार पूरे देश में एक आदर्श राज्य के रूप में आगे बढ़ेगा। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष पटेल, जदयू जिला अध्यक्ष अजय सिंह कुशवाहा, हम जिला अध्यक्ष कमलेश पासवान, आरएलएम के जिला अध्यक्ष कपिल कुमार, लोजपा जिला अध्यक्ष, पूर्व विधायक श्याम बिहारी राम, पूर्व विधायक अशोक सिंह सहित मंगलानंद पाठक, अलख निरंजन और अन्य एनडीए कार्यकर्ता उपस्थित रहे।