भू-राजस्व मंत्री रामसूरत राय के इस्तीफे की मांग को लेकर राजद के विधायकों ने शनिवार को बिहार विधानसभा में जमकर हंगामा किया। तेजस्वी यादव ने सरकार को तानाशाह करार देते हुए कहा कि सरकार सदन में हमें हमारे विचार रखने नहीं दे रही है। तेजस्वी यादव ने कहा कि ये सरकार तानाशाही है।
तेजस्वी ने उपमुख्यमंत्री को दिया करारा जवाब
वहीं दूसरी पाली में स्वास्थ्य विभाग के बजट पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने फिर से शराबबंदी और मंत्री रामसूरत पर बात शुरू की। इस दोनों पक्षों के विधायकों के बीच बहस होने लगी। उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने गुस्से में तेजस्वी यादव को स्वास्थ्य मुद्दे पर चर्चा करने को कहा। उन्होंने कहा कहा कि जो बात बिजनेस में नहीं, उसपर चर्चा कैसे होगी? आसन को नियमन देना चाहिए। इसपर तेजस्वी ने उप मुख्यमंत्री को जवाब देते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष का पद संवैधानिक होता है। लेकिन उपमुख्यमंत्री का पद संवैधानिक नहीं होता है।
तेजस्वी ने जैसे ही कहा मेरे बोलने से सरकार कांपती है, विधायकों ने शुरू कर दी हाथापाई
उन्होंने कह दिया कि मेरे मुंह खोलते ही सत्तारूढ़ दल कांपने लगता है। जिससे दोनों तरह के विधायक आमने-सामने आ गए। आपस में गाली-गलौज करते हुए भिड़ गए। देखते-ही देखते मिनटों में बवाल मच गया। बात इतनी बढ़ी कि मार्शल ने विधायकों को अलग किया।