Bihar: खास बात ये है कि गंगा किनारे 6 किलोमीटर लंबा पैदल रास्ता बनाया जाएगा, जिससे लोग आराम से घूम सकें। यहां 4,000 कार और 13,000 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग भी बनाई जाएगी।
अब राजधानी पटना के गंगा किनारे घूमने-फिरने और प्रकृति से जुड़ने के लिए एक शानदार जगह तैयार की जा रही है। यहां गंगा तट को पूरी तरह एक सुंदर और हरा-भरा पर्यटन स्थल में बदला जाएगा। इस खास परियोजना का नाम जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान है जिसकी कुल लागत 387.40 करोड़ रुपये है। इसे अगले दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विज्ञापन
इस योजना के तहत गंगा तट पर रिवर फ्रंट, पेड़ों और पौधों वाला उद्यान, तितलियों का बग़ीचा, खाने-पीने के लिए फूड कोर्ट, महिलाओं के लिए अर्बन हाट, पैदल चलने का रास्ता, साइकिल ट्रैक और बड़ी पार्किंग बनाई जाएगी। कुल जमीन का 90% हिस्सा हरियाली और खुले मैदान के रूप में होगा, जहां करीब एक लाख पेड़-पौधे लगाए जाएंगे।
27 नक्षत्रों पर आधारित खास उद्यान
परियोजना में एक खास बाग भी बनेगा, जिसे 8 हेक्टेयर जमीन पर पारंपरिक खगोलशास्त्र की थीम पर तैयार किया जाएगा। इसके अलावा बच्चों और पर्यटकों को लुभाने के लिए तितली उद्यान भी होगा। इसके साथ ही गंगा किनारे 6 किलोमीटर लंबा पैदल रास्ता बनाया जाएगा, जिससे लोग आराम से घूम सकें। यहां 4,000 कार और 13,000 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग भी बनाई जाएगी।
फरवरी में मुख्यमंत्री ने किया था एलान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फरवरी में इस परियोजना की घोषणा की थी। अब इसके पहले चरण के लिए निविदा (टेंडर) जारी कर दी गई है। यह काम दीघा से गांधी मैदान तक, करीब 7 किलोमीटर क्षेत्र में किया जाएगा। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि यह योजना पटना के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि तय समय में काम पूरा करना विभाग की प्राथमिकता है। टेंडर 27 अप्रैल से 26 मई तक सरकारी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगा।