राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने अंचल अधिकारियों के लॉगिन में उपलब्ध अधूरी जमाबंदियों को 31 अक्टूबर तक दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। रैयत के आवेदन का इंतजार नहीं होगा। मृत रैयतों के उत्तराधिकारियों के नाम दर्ज करने और भू-अभिलेख स्कैनिंग पर भी जोर दिया गया।
जमाबंदी शुद्धीकरण अभियान को गति देने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सभी अंचल अधिकारियों के लॉगिन में अधूरी एवं त्रुटिपूर्ण जमाबंदियों का विवरण उपलब्ध करा दिया है। इन जमाबंदियों को रकबा, खाता और खेसरा के अनुसार चिह्नित कर अंचल स्तर पर उपलब्ध कराया गया है। अब अंचल अधिकारियों को रैयत के आवेदन का इंतजार किए बिना उपलब्ध मूल अभिलेखों से मिलान कर इन जमाबंदियों को दुरुस्त करना है। विभाग ने इसके लिए 31 अक्टूबर की समय-सीमा तय की है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने गुरुवार को शास्त्रीनगर स्थित राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान, पटना में पटना, भोजपुर एवं मुंगेर जिले के अंचल अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चल रहे विशेष अभियान के तहत जिन अधूरी जमाबंदियों की सूची अंचल अधिकारियों के लॉगिन में उपलब्ध कराई गई है, उनका निष्पादन निर्धारित अवधि में हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
राजस्व कर्मचारियों को हलका स्तर पर उपलब्ध मूल अभिलेखों से मिलान करने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित स्थान पर जाकर दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। सचिव ने कहा कि अभियान विभाग की पहल पर शुरू किया गया है, इसलिए इसकी जिम्मेदारी भी विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की है। मापी की जरूरत पड़ने पर निशुल्क मापी भी कराई जाएगी।
मृत रैयतों की जमाबंदी में दर्ज हों उत्तराधिकारियों के नाम
सचिव ने मृत जमाबंदीदारों के मामलों में भी अंचल स्तर से सक्रिय पहल करने का निर्देश दिया। पंचायत सचिव, सरपंच एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधियों की सहायता से वंशावली प्राप्त कर उत्तराधिकार नामांतरण की कार्रवाई पूरी करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि यदि उत्तराधिकारियों के बीच आपसी बंटवारा नहीं हुआ है तो सभी वैध उत्तराधिकारियों के नाम से जमाबंदी अद्यतन की जाए। इसके लिए भी अनावश्यक रूप से आवेदन की प्रतीक्षा नहीं की जाए।
बैठक में अपर सचिव महेंद्र पाल, आजीव वत्सराज, संयुक्त सचिव संजय कुमार सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी मणिभूषण किशोर, नवाजिश अख्तर एवं अनुपम प्रकाश, सहायक निदेशक-सह-जनसंपर्क पदाधिकारी जूही कुमारी तथा आईटी मैनेजर आनंद शंकर सहित पटना, भोजपुर एवं मुंगेर के अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।