पीएम मोदी की रैली में लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
'जंगलराज वाले जमानत पर चल रहे हैं'
पीएम मोदी ने कहा कि जब हम कहते हैं कि हमलोग आने वाले पांच साल में एक करोड़ रोजगार देंगे तो उन्हें हमारी बात पर भरोसा है। आपके सामने राजद और कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड भी है। यह वो लोग हैं जो बिहार में लोगों से नौकरी के बदले जमीन लिखवा लेते हैं। इस बात को अदालत ने भी माना है। यह जंगलराज वाले जमानत पर चल रहे हैं। राजद और कांग्रेस वाले बिहार के युवाओं को कभी भी नौकरी नहीं दे सकते हैं। औरंगाबाद वाले तो नक्सलवाद और माओवाद से पीड़ित रहे हैं। वह दिन भूल नहीं पाएंगे आप जब शाम होते ही लोग घर से बाहर निकलने में डरते थे। इस क्षेत्र की चर्चा देश और दुनिया में नरसंहारों के लिए होती थी। जैसे ही जंगलराज की सरकार गई। नीतीश कुमार को आपने लाया तो नरसंहार बंद हो गई। जब आपने दिल्ली में मुझे बैठाया तो नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई की। आज बिहार माओवादी आतंक की डर से मुक्त हो चुका है। यह इसलिए हुआ क्योंकि बिहार में डबल इंजन की सरकार है। जंगलराज और सुशासन में क्या अंतर आया है? यह कल हमने देखा है। कल बिहार में दलित, गरीब, पिछड़े और अतिपिछड़ो ने वोट डाला। जंगलराज में मतदान के वक्त बमबाजी करते थे। लोगों को डराते थे। मैं चुनाव आयोग को बधाई देता हूं कि प्रथम चरण के चुनाव इतने अच्छे तरीके संपन्न करवाए थे। विदेश से लोग कल के मतदान को देखने आए थे।
'जंगलराज वाले बच्चों को रंगदार बना रहे हैं'
पीएम मोदी ने कहा कि जंगलराज वालों के बाद ऐसी चीजें हैं, जो निवेश के लिए खतरा है। जंगलराज वाले बच्चों को रंगदार बना रहे हैं। यह लोग अभी से ही कह रहे हैं भैया की सरकार आएगी तो कट्टा खुलेआम मिलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार को कट्टा सरकार नहीं चाहिए। बिहार को कुशासन सरकार नहीं चाहिए। बिहार को एनडीए की सरकार चाहिए। इसलिए बिहार एनडीए के ईमानदार संकल्प पत्र पर विश्वास करता है। एनडीए ने पंचायती राज, सरकारी नौकरी में महिलाओं को आरक्षण दिया। यह एनडीए ही है, जिसने विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं को आरक्षण दिया। पीएम ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि संविधान दिखाने वाले लोगों को सामान्य समाज की याद नहीं आई। लेकिन, मोदी ने सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया।
कांग्रेस और राजद वाले अपमान की राजनीति करते हैं
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और राजद सिर्फ अपमान और गाली-गलौज की राजनीति करते हैं। इन लोगों को हमारे पर्व और त्योहारों से भी चिढ़ है। कांग्रेस के नामदार छठ महापर्व को नौटंकी और ड्रामा करते हैं। उन्होंने महान तपस्या का अपमान किया। आप लोग इस चुनाव में उन्हें सजा जरूर देना है। 11 नवंबर को आप सब इन्हें एक वोट से सजा देनी है। एनडीए की अब तक की सबसे बड़ी विजय इस चुनाव में पक्की है। 14 नवंबर के बाद अब विजय उत्सव की तैयारी कीजिए। आप सभी एनडीए सरकार को वोट कीजिए।