कार्यक्रम को संबोधित करते पीएम मोदी
- फोटो : एक्स/बीजेपी
कांग्रेस के विरोष्ठ नेता राहुल गांधी की वोटर यात्रा दौरान पीएम मोदी और उनकी मां को दी गई गाली पर सियासी घमासान बढ़ता ही जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी का कांग्रेस मुख्यालय के सामने प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान के बाद अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने बिहार बंद का आह्वान किया है। यह बंद चार सितंबर की सुबह सात बजे से 12 बजे तक रहेगा। इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। इस बात की घोषण बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने की। उन्होंने कहा कि दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह घटना बिहार को कलंकित करने वाली है। उन्होंने कहा कि मां भगवान की प्रतिमूर्ति होती है। मां अपने कोख में नौ महीने बच्चे को रखती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कोई राजनीतिक मंच से मां को भद्दी भद्दी गालियां दी जा सकती हैं? जो हमें भगवान की तरह पाल-पोस कर बड़ा करती हैं, क्या कोई उसी माँ को गाली देने के विषय में सोच सकता है? बिहार को इस घटना ने शर्मसार किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए घटक दलों के महिला मोर्चा ने मां को गाली दिए जाने के खिलाफ चार सितंबर को बिहार बंद करने का निर्णय लिया है। यह बंद सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा, जिससे आम लोगों को भी परेशानी न हो। बंद के दौरान आपातकालीन सेवाएं बंद से मुक्त रहेंगी। इस बंद का उद्देश्य इस घटना का प्रतिकार करना है। उन्होंने बिहार के लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि इस बंद में सभी साथ आएं और राजद-कांग्रेस द्वारा की गई इस घटना का प्रतिकार करें। यह महिलाओं के अपमान की बात है, इस कारण बिहार में यह पहली बार है कि महिला मोर्चा बंद कार्यक्रम में अपनी भूमिका निभाएगी।
PM मोदी को अपशब्द के विरोध में भाजपा का हल्लाबोल
एनडीए महिला मोर्चा की महिलाएं सड़कों पर उतरेंगी
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि महागठबंधन के वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राजद, कांग्रेस के मंच से जिस तरह पीएम मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी की गई और उनकी मां को गाली दी गई, यह लोकतांत्रिक परंपरा का भी अपमान है। मां को देवी का स्थान दिया गया है। सबसे आश्चर्यजनक बात है कि महागठबंधन की ओर से अब तक इस घटना को लेकर माफी नहीं मांगी गई है। यह उनके अहंकार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती मां, बहन को अपमानित करने वालों को नहीं छोड़ेगी और उसका जवाब देगी। चार सितंबर को एनडीए महिला मोर्चा की महिलाएं सड़कों पर उतरेंगी। इस घटना को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस बंदी से रेल सेवा को भी मुक्त रखा गया है।
महिलाओं को अपमानित करना राजद, कांग्रेस की संस्कृति है
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने प्रेस वार्ता में कहा कि महिलाओं को अपमानित करना राजद, कांग्रेस की संस्कृति है। पिछले लोकसभा चुनाव में भी ऐसी ही घटना को अंजाम दिया गया था। उन्होंने कहा कि यह माँ को अपमानित करने की घटना है। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं इसका जवाब देंगी। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि राजद, कांग्रेस के मंच से जिस तरह माँ को गाली दी गई, वह 15 साल पहले के जंगलराज की संस्कृति की याद दिलाता है। चुनाव आने की आहट से ही इनमें यह संस्कृति फिर से जागृत हो रही है। वे याद दिला रहे हैं कि अगर हमारी सरकार आई तो यही होगा। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने इस प्रेस वार्ता में कहा कि राजद और कांग्रेस का जो संस्कार है, उसे वे परिलक्षित कर रहे हैं। किसी की भी माँ, माँ होती है। हम लोग सभी की मां का सम्मान करते हैं। मां में बंटवारा नहीं हो सकता। उन्होंने एक मां को अपमानित करने का काम किया।